कहासुनी का बदला लेने को युवक को मारी थी गोली, नोएडा पुलिस संग एनकाउंटर में क्रिकेटर समेत 3 घायल

Sanchar Now
4 Min Read

नोएडा: क्रिकेट के मैदान में नेशनल प्लेयर पर कमेंट किया तो युवक को घुमाने के बहाने ले जाकर सिर में गोली मार दी। आरोपी उसे अगवा कर बरेली ले गए, जहां उसे गोली मारी। 5 फरवरी को हुई घटना में युवक किसी तरह बचा और राहगीर की मदद से अपने पिता से संपर्क किया। पुलिस परिवार समेत वहां पहुंची और युवक को नोएडा लेकर आई।

अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। इस केस में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद नेशनल स्तर के क्रिकेटर और उसके 2 साथियों को गिरफ्तार किया है। तीनों को पैर में गोली लगी है। डीसीपी सेंट्रल शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि घायल का नाम अजय कुमार है। उसके पिता लालाराम ने शुक्रवार शाम रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

डीसीपी ने बताया कि बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। टीपीनगर चौराहे पर चेकिंग के दौरान एक कार को रुकने का इशारा किया तो वह वहां से भागने लगे। पीछा करने पर कार सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। कार के निकलने का रास्ता नहीं मिलने पर वह पैदल भागने लगे, जहां जवाबी कार्रवाई में तीनों को पैर में गोली लगी। उनकी पहचान लक्की उर्फ काकसी राठौर, सौरभ चौहान और सत्यम के रूप में हुई। उनके पास से अजय का मोबाइल, तीन तमंचे, रेंट पर ली गई एक कार बरामद की गई है।

एक साल से चल रहा था विवाद

पूछताछ में सामने आया कि लक्की पर्थला के पास क्रिकेट अकेडमी चलाता है। यहां अजय और अन्य लोग क्रिकेट खेलते थे। नेशनल स्तर का खिलाड़ी होने पर अजय उस पर कमेंट कर देता था। इससे वह काफी नाराज था। इसी बात को लेकर एक साल पहले झगड़ा हुआ था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि इस झगड़े के बाद भी वह उसके बारे में वह बातें करता था, जिससे वह नाराज था। इसी का बदला लेने के लिए उसने यह प्लानिंग की। इसके लिए उसने घटना से 4 दिन पहले एक कार को रेंट पर लिया था। 5 फरवरी को वह अजय के पास पहुंचा। उसके साथ सौरभ और सत्यम थे। तीनों ने उसे नैनीताल लेकर चलने की बात कही। उसके कार में बैठने के बाद उन्होंने उसे बंधक बनाया और फिर बरेली ले गए।

पढ़ें  कबाड़ियों के लिए बड़ी खबर, अब अनिवार्य होगा पंजीकरण और सत्यापन; नोएडा प्राधिकरण तैयार कर रहा नई योजना

दो बार गोली चलाई, लेकिन किस्मत ने बचाई जान

अभी तक की जांच में सामने आया कि बरेली पहुंचने के बाद आरोपियों ने एक सुनसान स्थान पर मारपीट के बाद सिर पर सटाकर फायरिंग की, जहां फायर मिस हो गया। सौरभ ने दोबारा तमंचा अजय के सिर पर सटाकर फायर किया। इस बार गोली तो चली, लेकिन ठीक से नहीं लगी। आरोपियों ने बताया कि फायर के बाद वह अजय को मृत समझकर वहां से फरार हो गए। घायल हालत में अजय ने राहगीर की मदद से परिवार से संपर्क किया था।

लोकल स्तर पर 30 हजार से ज्यादा रन, 69 शतक

पुलिस के अनुसार, लक्की उर्फ काकसी राठौर नेशनल स्तर का खिलाड़ी है। राइट हैंड बैटिंग और लेग स्पिन डालने वाला लक्की अंडर-19 में सौराष्ट्र की तरफ से नेशनल स्तर के टूर्नामेंट खेल चुका है। इसके अलावा 2023 में वह अरुणाचल प्रदेश की टीम से भी खेला था। एक क्रिकेटिंग साइट के अनुसार, वह लोकल स्तर के 900 से अधिक मैच खेल चुका है, जिसमें उसके 30 हजार से अधिक रन और 69 शतक हैं। साथ ही वह 779 विकेट भी ले चुका है। उसे सेंचुरियन का अवॉर्ड भी 2023 में मिला था।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment