कानपुर में पुलिस से भिड़े एबीवीपी पदाधिकारी, धक्कामुक्की के बीच सड़क पर गिरे एसीपी

Sanchar Now
3 Min Read

कानपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हो गई. इस दौरान एसीपी के साथ अभद्रता की गई. इतना ही नहीं धक्का-मुक्की में एसीपी सड़क पर गिर पड़े. जिसके बाद छात्रों और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मामले में सपा ने बीजेपी पर निशाना साधा है. पार्टी ने ‘एक्स’ पर लिखा-  ‘बीजेपी सरकार के संरक्षण में प्रदेश में गुंडई चरम पर है. पुलिस अधिकारियों को भी नहीं बख्शा जा रहा है.’

दरअसल, ABVP के छात्र कानपुर के डीएवी कॉलेज (Kanpur DAV College) में विरोध-प्रदर्शन करने पहुंचे थे. उन्होंने अपनी कुछ मांगों को लेकर कॉलेज प्रशासन को अल्टीमेटम दे रखा था. जब मांगे पूरी नहीं हुई तो छात्र कॉलेज प्रशासन के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करने लगे. छात्र कॉलेज प्रिंसिपल का पुतला फूंकने जा रहे थे तभी वहां तैनात फोर्स ने उन्हें रोकने की कोशिश की.  इसके बाद पुलिस और छात्र आमने-सामने आ गए.

बताया जा रहा है कि जैसे ही ABVP के लोग प्रदर्शन करने कॉलेज पहुंचे तभी कॉलेज प्रबंधन द्वारा गेट बंद कर दिया गया. ऐसे में छात्रों ने गेट पर लगा ताला तोड़ने की कोशिश की. कई छात्र अंदर तक चले गए और जमकर नारेबाजी की.

जमीन पर गिर पड़े एसीपी 

घटना का एक वीडियो सामने आया जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे पुलिस छात्रों को शांत कराने की कोशिश कर रही है. मगर छात्र उग्र हो रहे हैं. इस दौरान एसीपी कोतवाली रंजीत कुमार धक्का-मुक्की के कारण बीच सड़क पर ही गिर पड़े. जिसके बाद छात्रों और पुलिस के बीच जमकर नोकझोंक हुई.

पढ़ें  गंगा में नहाने गए 6 बच्चे डूबे, दो की मौत, चार की हालत नाजुक

हालांकि, इस मामले में जॉइंट कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि छात्रों का इंटेंशन वैसा नहीं था. धक्का-मुक्की होने से बैलेंस बिगड़ गया और एसीपी गिर गए. फिलहाल, पूरे प्रकरण की जांच एडीसीपी पूर्वी लखन सिंह को सौंप दी गई है.

सपा ने दी तीखी प्रतिक्रिया 

इस मामले में समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से लिखा गया- “कानपुर में डीएवी कॉलेज में भाजपा संरक्षित एबीवीपी के कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प, शर्मनाक. भाजपा सरकार के संरक्षण में प्रदेश में गुंडई चरम पर, पुलिस अधिकारियों को भी नहीं बख्शा.  आरोपी एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर हो सख्त कार्रवाई.”

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment