हिंदू परंपरा को आतंकवाद से जोड़ने की कोशिश… पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद के बयान पर भड़के CM योगी

Sanchar Now
4 Min Read

नोएडा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को देश के पूर्व उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया दी है। सीएम योगी ने हामिद अंसारी पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अंसारी की टिप्पणी भारत की सनातन परंपरा का अपमान करने वाली और हिंदू परंपरा का अनादर करने वाली है। ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित ‘प्रेरणा विमर्श’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपराओं को खतरे के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

हामिद अंसारी ने क्या कहा था?

मुख्यमंत्री ने एक दिन पहले अंसारी द्वारा दिए गए बयान का जिक्र किया। पूर्व उपराष्ट्रपति ने शनिवार को नयी दिल्ली में संविधान विशेषज्ञ और लेखक ए जी नूरानी की स्मृति में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के उस विचार का उल्लेख किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि ”भारत के लिए वास्तविक खतरा साम्यवाद नहीं, बल्कि हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता है।” अंसारी ने इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में नूरानी की 2019 में प्रकाशित पुस्तक ‘द आरएसएस : ए मेनेस टू इंडिया’ का भी उल्लेख किया था।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की परंपराओं और संस्कृति को लेकर दिए गए ऐसे बयान चिंताजनक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया और सनातन परंपरा को अपमानित करने के साथ हिंदू परंपरा का अनादर किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सनातन परंपरा को आतंकवाद से जोड़ने का दुर्भावनापूर्ण प्रयास किया गया।

पढ़ें  मंगेतर के सामने लड़की से गैंगरेप, रहम की भीख मांगती रही, 6 हैवान नोचते रहे शरीर, बनाया दरिंदगी का Video

सनातन परंपरा से जुड़ी है भारत की सांस्कृतिक पहचान-सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक संदर्भ में भारत एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है और इसकी सांस्कृतिक पहचान सनातन परंपरा से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि देश के लोग अपनी परंपराओं, ऋषि-मुनियों की विरासत, पूर्वजों, देवी-देवताओं और सांस्कृतिक धरोहर पर गर्व करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की परंपरा सभी के सम्मान और सह-अस्तित्व की बात करती है।

राहुल गांधी पर भी सीएम योगी ने साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और उनके कथित ”झूठ की गूंज” कार्यक्रम को महिलाओं का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय सामाजिक परंपराएं लोगों को महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों का सम्मान करना सिखाती हैं। आदित्यनाथ ने कहा, ”मान लीजिए हम किसी संकरे रास्ते से जा रहे हैं और सामने कोई बुजुर्ग, महिला, दिव्यांग व्यक्ति या हमसे वरिष्ठ व्यक्ति आ जाए तो हमारी परंपरा है कि हम रास्ते से हटकर कहते हैं- पहले आप।”

उन्होंने कहा, ”लेकिन ये वो लोग हैं जो सही रास्ते से भटक गए हैं। इनका एकमात्र उद्देश्य समाज में भ्रम फैलाकर अराजकता पैदा करना रह गया है।” मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए अपनी सरकार की पहलों का भी जिक्र किया और कहा कि तीन पीएसी बटालियनों के नाम महान महिला स्वतंत्रता सेनानियों झलकारी बाई, रानी अवंतीबाई लोधी और ऊदा देवी के नाम पर रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उत्तर प्रदेश पुलिस में महिलाओं के लिए अवसर बढ़ाए हैं। उन्होंने बैंकिंग सखी तथा दुग्ध उत्पादन से जुड़ी महिलाओं के योगदान को भी रेखांकित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अनुसार भारत में चार ”जातियां” गरीब, किसान, महिला और युवा हैं तथा केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार दोनों इनके कल्याण के लिए काम कर रही हैं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment