BCCI ने इंडिया U-19 महिला टीम का ऐलान किया, भाविका अहिरे बनीं कप्तान

Sanchar Now
4 Min Read

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की T20 सीरीज के लिए भारतीय महिला अंडर-19 टीम का ऐलान कर दिया है. इस सीरीज के लिए भाविका अहीरे को टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि अनादी टागड़े उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी. 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक वडोदरा और सुरत में खेली जाने वाली यह सीरीज ICC अंडर-19 महिला T20 वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों के लिहाज से भारतीय टीम के लिए बेहद अहम मानी जा रही है.

18 साल की भाविका अहीरे बनीं कप्तान

BCCI की महिला चयन समिति ने शनिवार (21 नवंबर) को इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान किया. 18 साल की भाविका अहीरे को टीम की कमान सौंपी गई है. भाविका कप्तानी के साथ-साथ विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभालेंगी. वहीं, श्रेया एस चव्हाण को टीम में दूसरे विकेटकीपर के रूप में शामिल किया गया है. इसके अलावा, टीम में इरा जाधव, निधि महतो, पूर्वा सिवाच, मेहक नरवसे और मैत्री मनियार जैसी युवा खिलाड़ियों को भी मौका मिला है.

भारत और इंग्लैंड की अंडर-19 महिला टीमों के बीच पांच मैचों की यह सीरीज 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक खेली जाएगी. इस सीरीज के सभी मुकाबले वडोदरा और सूरत में खेले जाएंगे. सीरीज का पहला मुकाबला 26 नवंबर को वडोदरा में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 28 नवंबर को इसी मैदान पर होगा. इसके बाद दोनों टीमें सूरत पहुंचेंगी, जहां आखिरी तीन मुकाबले 1, 3 और 6 दिसंबर को खेले जाएंगे.

अंडर-19 महिला वर्ल्ड कप की तैयारी का मिलेगा मौका

पढ़ें  'बिग बॉस 20' का एलान, शो के नए लोगो के साथ प्रोमो हुआ रिलीज, जानें कौन होगा होस्ट?

इंग्लैंड के खिलाफ यह सीरीज भारतीय टीम के लिए काफी अहम मानी जा रही है. जनवरी 2027 में होने वाले ICC अंडर-19 महिला T20 वर्ल्ड कप से पहले खिलाड़ियों के पास अपनी प्रतिभा और प्रदर्शन दिखाने का शानदार मौका होगा. इस सीरीज के जरिए टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों की फॉर्म, टीम कॉम्बिनेशन और अलग-अलग परिस्थितियों में उनके प्रदर्शन को परख सकेगा. साथ ही युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अनुभव भी मिलेगा.

इंग्लैंड के खिलाफ T20I सीरीज के लिए भारतीय महिला अंडर-19 टीम

भाविका अहीरे (कप्तान और विकेटकीपर), इरा जाधव, निधि महतो, पूर्वा सिवाच, मेहक नरवसे, मैत्री मनियार, ईश्वरी अवसारे, दीया यादव, श्रेया एस चव्हाण (विकेटकीपर), समायरा राघव, कुमारी पलक, उमा काश्वी, अचसा परमार, अनादी टागड़े (उपकप्तान) और पलक सिंह.

IND U19 vs ENG U19 महिला T20I सीरीज का पूरा शेड्यूल

मैच तारीख मुकाबला वेन्यू समय (IST)
पहला T20I 26 नवंबर भारत U19 vs इंग्लैंड U19 वडोदरा शाम 6 बजे
दूसरा T20I 28 नवंबर भारत U19 vs इंग्लैंड U19 वडोदरा दोपहर 1 बजे
तीसरा T20I 1 दिसंबर भारत U19 vs इंग्लैंड U19 सूरत शाम 6 बजे
चौथा T20I 3 दिसंबर भारत U19 vs इंग्लैंड U19 सूरत शाम 6 बजे
पांचवां T20I 6 दिसंबर भारत U19 vs इंग्लैंड U19 सूरत दोपहर 1 बजे
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment