संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने हैबतपुर गांव के हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए बुधवार को बुल्डोजर चलाकर करीब 6,000 वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया। यह कार्रवाई अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी कर रहे कालोनाइजरों के मंसूबों पर पानी फेरने वाली साबित हुई।
दरअसल, प्राधिकरण के परियोजना और भूलेख विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार हैबतपुर के खसरा संख्या 280 और 287 की भूमि हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में आती है, जो प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में शामिल है। इसके बावजूद यहां प्लॉटिंग कर अवैध कॉलोनी बसाने की कोशिश की जा रही थी।
प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि हिंडन के डूब क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के सख्त निर्देश हैं। इन्हीं आदेशों के अनुपालन में प्राधिकरण द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या बिना नक्शा पास कराए किए गए किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-3 की टीम ने प्राधिकरण पुलिस के सहयोग से करीब दो घंटे तक बुल्डोजर चलाकर अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त किया। इस दौरान वर्क सर्किल-3 के प्रभारी राजेश कुमार निम, प्रबंधक रोहित गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
प्राधिकरण के महाप्रबंधक (परियोजना) एके सिंह ने बताया कि अवैध निर्माण को पहले भी कई बार रुकवाया गया था, लेकिन निर्माणकर्ताओं ने चेतावनियों को नजरअंदाज करते हुए काम जारी रखा, जिसके चलते सख्त कार्रवाई करनी पड़ी। प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले भूलेख विभाग से पूरी जानकारी जरूर लें और अवैध कॉलोनियों में निवेश कर अपनी मेहनत की कमाई जोखिम में न डालें।
