यूपी पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) गुरुवार से छह केंद्रों पर शुरू हो गई है। लेकिन पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड ने अत्यधिक बारिश से कानपुर व फतेहपुर स्थित पीएसी मैदान के ट्रैक खराब होने की वजह से इन दोनों ही केंद्रों पर अब दौड़ न कराए जाने का फैसला लिया है। फिलहाल इन दोनों शहरों के परीक्षा केंद्रों को रद्द कर दिया गया है। बोर्ड के अनुसार दोनों ही परीक्षा केंद्रों के अभर्ग्थियों को अन्य परीक्षा केंद्रों पर रीशेड्यूल किया जा रहा है। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जल्द बोर्ड की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
भर्ती बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार से 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ, डा.शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय लखनऊ, 25वीं वाहिनी पीएसी रायबरेली, 4वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज, 33वीं वाहिनी पीएसी झांसी व 45वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़ में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप दौड़ शुरू हो गई। इसके अलावा 9वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद, 47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद व पुलिस लाइन बरेली में एक अक्तूबर को प्रस्तावित दौड़ अब आठ अक्तूबर को होगी। इन केंद्रों पर तीन अक्तूबर से निर्धारित शेड्यूल के अनुरूप ही दौड़ होगी। आठवीं वाहिनी बरेली के परीक्षा केंद्र को बदलकर पुलिस लाइन बरेली किया गया है इसलिए इस केंद्र के अभ्यर्थी अद्यतन प्रवेश पत्र डाउनलोड करके पुलिस लाइन बरेली पहुंचेंगे।
वहीं 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़, 26वीं वाहिनी पीएसी गोरखपुर व 6वीं वाहिनी पीएसी मेरठ में शारीरिक दक्षता परीक्षा पांच अक्तूबर से शुरू होगी। इन केंद्रों पर एक अक्तूबर को प्रस्तावित दौड़ आठ अक्तूबर को आयोजित होगी। तीन अक्तूबर को प्रस्तावित दौड़ नौ अक्तूबर को और चार अक्तूबर को प्रस्तावित दौड़ 10 अक्तूबर को होगी। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। पांच अक्बूतर से निर्धारित दौड़ पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही होगी।
