यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बूथ लेवल पर BJP की बड़ी कवायद, आज CM योगी देंगे मंत्र

Sanchar Now
3 Min Read

लखनऊ। बुधवार यानी आज भाजपा प्रदेश में बड़ा प्रयोग करने जा रही है। संगठन की सबसे निचली इकाई यानी बूथों के सम्मेलन में सीएम योगी आदित्यनाथ समेत वरिष्ठ चेहरे एवं मंत्री अलग-अलग स्थानों पर पहुंचेंगे।

सभी 403 विधानसभाओं में आयोजित बूथ सम्मेलन के दौरान 1918 मंडलों में गठित 177516 बूथों का एक ही दिन में सत्यापन होगा। बूथ अध्यक्षों की रैंडम जांच होगी। अनुपस्थित मिलने पर जिलाध्यक्ष रिपोर्ट बनाकर प्रदेश इकाई को भेजेंगे। उधर, एसआइआर के बाद वोटरों की संख्या घटने से बूथों की संख्या में दस हजार तक की कमी आ सकती है।

बूथ प्रबंधन के कौशल से भाजपा ने 2014, 2017 एवं 2019 में अभूतपूर्व जीत दर्ज की, लेकिन 2022 विधानसभा एवं 2024 लोकसभा चुनाव से पार्टी के आधार में कमी आई। मिशन 2027 को लेकर भाजपा बूथ प्रबंधन के करिश्मे से प्रदेश की सत्ता पर तीसरी बार काबिज होना चाह रही है।

25 जून को प्रदेश इकाई एवं क्षेत्रीय अध्यक्षों का नाम तय करने के बाद प्रदेश भाजपा चार और पांच जुलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की पाठशाला में रही। 11 जुलाई को पहली बार प्रदेश इकाई ने बैठक किया, जहां 19 जुलाई को सभी विधानसभाओं में बूथ सम्मेलन करने की रचना तय की गई।

हालांकि, इसे बढ़ाकर 22 जुलाई कर दिया गया। इस कार्यक्रम में बूथ अध्यक्षों की नेम प्लेट बड़ी होगी, जिसके राजनीतिक मायने हैं। बूथों का वेरीफिकेशन होगा।

पहले भी ऐसी शिकायतें रही हैं कि बूथों का गठन सिर्फ कागजों पर है, वास्तविकता में कोई व्यक्ति सक्रिय नहीं है। सभी वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को भी बुलाया गया है।

पढ़ें  अपराध: बिभव कुमार ने जमानत के लिए लगाई याचिका

प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल कार्यक्रम के संयोजक हैं, जबकि प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह और राहुल वाल्मीकि को सह-संयोजक बनाया गया है। विधानसभा स्तर पर एक कार्यक्रम संयोजक होगा, जो विधायक या 2022 में चुनाव लड़ चुके कार्यकर्ता से भी संवाद रखेगा।

बूथ सम्मेलन में सीएम योगी गोरखपुर में सदर और देहात विधानसभा, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सीतापुर के लहरपुर विधानसभा, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बरेली शहर, ब्रजेश पाठक शाहजहांपुर के जलालाबाद व प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह वाराणसी में रहेंगे।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी बुलंदशहर के शिकारपुर विधानसभा, स्वतंत्रदेव सिंह मोहनलालगंज, रमापति राम त्रिपाठी बलिया सदर, मंत्री जेपीएस राठौर मथुरा की गोवर्धन विधानसभा, एके शर्मा लखनऊ मध्य विधानसभा एवं एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ल सरोजिनीनगर विधानसभा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment