संचार नाउ। उत्तर प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना सिटी में उद्योग स्थापित करने के लिए 19 कंपनियों को आवंटन पत्र सौंपे। इन कंपनियों द्वारा करीब 5,800 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जिससे लगभग 10 हजार रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है और लगातार निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यमुना सिटी और नोएडा क्षेत्र बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के कारण औद्योगिक हब के रूप में तेजी से विकसित हो रहे हैं।
आवंटन पत्र पाने वाली कंपनियों में सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स, इंफ्रास्ट्रक्चर और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की कई बड़ी कंपनियां शामिल हैं। कंपनियों ने जल्द निर्माण कार्य शुरू कर उत्पादन इकाइयां स्थापित करने का भरोसा दिया है।
