मनोनीत पार्षदों से निकायों में भाजपा ने बढ़ाई ताकत, लखनऊ, वाराणसी, आगरा में इन्हें मिली जिम्मेदारी

Sanchar Now
2 Min Read

लखनऊ : विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने संगठन के साथ मिलकर आज बड़ा फैसला लिया. भारतीय जनता पार्टी संगठन की सिफारिश पर नगर विकास विभाग ने सभी नगर निगमन और नगर पालिकाओं में नामित पार्षदों को मनोनीत कर दिया है. हर नगर निगम में 10 पार्षद मनोनीत किए गए हैं जो कि भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं. इसके अलावा नगर पालिकाओं में कम संख्या में पार्षद मनोनीत किए गए हैं. मगर इनकी संख्या बहुत ज्यादा है. यह संख्या डेढ़ हजार से अधिक है. 190 पन्ने की सूची जारी की गई है.

नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव पी गुरुप्रसाद की ओर से जारी अधिसूचना में पार्षदों के मनोनयन की घोषणा की गई है. उन्होंने बताया कि मनोनीत पार्षद अपने-अपने क्षेत्र में स्थानीय पार्षदों के साथ मिलकर शहरों के विकास के लिए काम करेंगे. जो सदन की कार्यवाही का हिस्सा नहीं होंगे. मगर अपने क्षेत्र में विकास के लिए सिफारिश कर सकते हैं.

लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, सहारनपुर, वृंदावन मथुरा, शाहजहांपुर, अलीगढ़, आगरा, गाजियाबाद, बरेली, मुरादाबाद, मेरठ सहित सभी नगर निगम में 10-10 भारतीय जनता पार्टी और सहयोगी दलों के नेताओं को पार्षद मनोनीत किया गया है. लखनऊ नगर निगम की बात की जाए तो संतोष बलखंडी, गणेश वर्मा, दीपू जयसवाल, रूपचंद अग्रवाल, पंकज बोस, किशन पाल, नेहा सिंह, अखिलेश गिरी, मधुबाला त्रिपाठी और पुरुषोत्तम पुरी को पार्षद मनोनीत किया गया है.

इसी तरह छोटी नगर पालिकाओं में भी 5 से 6 पार्षदों का मनोनयन किया गया है. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कुछ समय पहले ही कहा था कि निगम आयोग बोर्ड के जो पद रिक्त हैं उनको इसी माह भर दिया जाएगा. जिसकी शुरुआत हो चुकी है. भारतीय जनता पार्टी इन नेताओं को मनोनीत करके 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस चुकी है और इन नेताओं के जरिए भाजपा जमीन पर अपनी पाठ बनाने का प्रयास करेगी.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment