भाजपा का आत्मनिर्भर भारत अभियान — स्वदेशी से स्वावलंबन की ओर, दादरी विधायक ने सपा पर कसा तंज, जेवर विधायक ने दिया रोजगार और किसान हित का आश्वासन

Sanchar Now
4 Min Read

संचार नाउ। आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत देश को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी की गौतमबुद्ध नगर जिला इकाई द्वारा ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस मौके पर “हर घर स्वदेशी – घर-घर स्वदेशी” का संदेश देते हुए स्थानीय उत्पादों और स्वदेशी उद्योगों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया। प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र नगर, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, गुरुदेव भाटी, विमल पुंडीर, सुशील भाटी, वीरेंद्र भाटी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दरअसल, जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत को लेकर भाजपा द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती (25 सितंबर) से राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया गया है, जो 15 दिसंबर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय और प्रांतीय स्तर पर सैकड़ों कार्यशालाएं आयोजित हो चुकी हैं। स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए 2 अक्टूबर को गांधी और शास्त्री जयंती पर कार्यकर्ताओं ने खादी भंडार से खादी खरीदकर स्वावलंबन का संदेश दिया। अभियान के दौरान स्वदेशी रिल्स प्रतियोगिता, भाषण, क्विज़ और निबंध प्रतियोगिता, घर-घर संपर्क अभियान, महिला व युवा सम्मेलन, स्वदेशी मेला, आत्मनिर्भर भारत रथ यात्रा, और स्थानीय कारीगर सम्मेलन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रेस वार्ता के दौरान दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जाए, और यह अभियान उस दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा “लोकल के स्वर” को सशक्त कर रही है, जिससे छोटे उद्योगों और कारीगरों को नई पहचान मिल रही है। साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा हाल ही में दिए गए विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा —

“जनता को सब पता है कि कौन बड़ा है और कौन नहीं। 2017 और 2022 के चुनावों में जनता समाजवादी पार्टी को जवाब दे चुकी है और 2027 में भी जनता उन्हें करारा जवाब देगी।”

वहीं जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार छोटे कामगारों और लोकल उद्योगों को बढ़ावा देने में जुटी है। उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से प्रभावित किसानों को जल्द ही मालिकाना हक प्रदान किया जाएगा और युवाओं को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

पढ़ें  यमुना प्राधिकरण में भ्रष्टाचार के खिलाफ अगस्त क्रांति का बिगुल, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और भूजल संरक्षण की मांग को लेकर प्रदर्शन

जब संचार नाउ ने सवाल किया कि “अन्नदाताओं के युवाओं के लिए केवल आईटीआई ही क्यों शुरू की गई है, क्या वे सिर्फ मज़दूर बनकर रह जाएंगे?”, तो धीरेंद्र सिंह ने जवाब दिया —

“हमारी सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर है। जेवर में कई स्किल डेवलपमेंट सेंटर चल रहे हैं, जहां युवाओं को तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर उन्हें बेहतर नौकरियों की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।”

इस प्रेस वार्ता ने स्पष्ट किया कि भाजपा का आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्वदेशी, स्वावलंबन और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण की ठोस दिशा में उठाया गया कदम है, जो लोकल से ग्लोबल भारत के सपने को साकार करने की ओर अग्रसर है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment