सहारनपुर में व्यापारी की पत्नी की हत्या, घर के अंदर मिली लाश; 6 टीमें जांच में जुटीं

Sanchar Now
3 Min Read

सहारनपुर : थाना नकुड़ इलाके के अंबेहटा कस्बे में सोमवार को कारोबारी की पत्नी की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई. बदमाशों ने न सिर्फ 60 वर्षीय पूनम मित्तल का गला रेतकर हत्या कर दी, बल्कि उनके दोनों कान भी काट दिए. महिला का खून से लथपथ शव घर के कमरे में मिला. घटना के बाद पूरे कस्बे में दहशत और आक्रोश का माहौल है. आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. वहीं गुस्साए व्यापरियों ने बाजार बंद कर आक्रोश जताया.

संजय मित्तल अंबेहटा मुख्य बाजार में स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाते हैं. सोमवार शाम करीब 4 बजे संजय मित्तल को पत्नी पूनम के मोबाइल नंबर से कॉल आई. फोन रिसीव करने पर दूसरी ओर से कोई जवाब नहीं मिला. संदेह होने पर वह एक डॉक्टर को साथ लेकर घर पहुंचे. घर पहुंचने पर देखा तो मुख्य दरवाजा खुला मिला और अंदर कमरे में पूनम मित्तल खून से लथपथ पड़ी थीं.

उनके गले पर धारदार हथियार से वार किए गए थे. घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. परिजनों के अनुसार महिला के दोनों कान कटे हुए थे और कानों में पहने गए कुंडल भी गायब थे. कमरे में रखी अलमारी खुली मिली है. वहीं ड्राइंग रूम में एक प्लेट में मिठाई और दो गिलास पानी भी मिले हैं.

इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्यारा कोई परिचित व्यक्ति हो सकता है, जिसे महिला ने खुद घर में बैठाया होगा. एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.

पढ़ें  यूपी कैबिनेट में इन 13 प्रस्तावों पर लगी मुहर, अब 5 हजार रुपये में अपनों को कर सकेंगे प्रॉपर्टी ट्रांसफर

वही घटना से नाराज व्यापारियों ने बाजार बंद कर विरोध जताया और जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की. स्थानीय लोगों ने पुलिस के देर से पहुंचने पर भी नाराजगी व्यक्त की. मौके पर नकुड़ चेयरमैन शिवकुमार गुप्ता, अंबेहटा चेयरमैन एडवोकेट नईम मलिक तथा पूर्व चेयरमैन राजकुमार खुराना सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment