संचार नाउ। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में रविवार को बड़े स्तर पर पौधारोपण किया गया। अभियान का आयोजन मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप किया गया, जिसके तहत पूरे प्रदेश में एक ही दिन करोड़ों पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दौरान लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण के इस जन अभियान को सफल बनाने की अपील की।
दरअसल, मुख्यमंत्री के निर्देश पर चला विशेष पौधारोपण अभियान, सेक्टर-22 ई में बच्चों ने भी लगाए पौधे और दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में उद्यान विभाग ने प्राधिकरण क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए। अभियान के दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया ने सेक्टर-22 ई की 50 मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट में पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक परियोजना राजेंद्र सिंह भाटी, संयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी आरती सिंह, उद्यान विभाग के अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर रोनिजा गांव के स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। बच्चों को पौधों और वृक्षों के महत्व की जानकारी दी गई तथा प्रत्येक बच्चे को एक पौधा देकर उसकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्राधिकरण के अनुसार अभियान के तहत यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर करीब 77,007 पौधे लगाए गए। इनमें नीम, पीपल, बरगद, अर्जुन, पिलखन सहित अनेक देशी प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। इन पौधों के माध्यम से हरित क्षेत्र बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने और भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं संतुलित वातावरण उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
