लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाले महोबा का सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है. बीजेपी मीडिया प्रभारी सतेन्द्र गुप्ता की तहरीर पर शहर कोतवाली में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.सपा सांसद की इस टिप्पणी से यूपी की राजनीति गरमा गई है. सीएम योगी आदित्यनाथ, गोरखपुर सांसद रवि किशन सहित बीजेपी नेताओं ने सपा सांसद की टिप्पणी की आलोचना की है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने सपा सांसद के बयान को अक्षम्य और अशोभनीय बताया है.
‘पीएम मोदी के खिलाफ यह टिप्पणी वैचारिक दिवालियापन’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर लिखा कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय जननेता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति एक सांसद द्वारा की गई असंसदीय टिप्पणी न केवल अशोभनीय और अक्षम्य है, बल्कि भारतीय लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर भी गंभीर आघात है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा सांसद का यह कृत्य राजनीतिक कुसंस्कार, वैचारिक दिवालियापन और सार्वजनिक जीवन की शालीनता के प्रति अनादर को प्रकट करता है.
मुख्यमंत्री ने सपा सांसद की इस टिप्पणी को 145 करोड़ देशवासियों के जनादेश, विश्वास और भारत की लोकतांत्रिक गरिमा का भी अपमान बताया. सीएम योगी ने कहा कि देश की जनता ऐसे अमर्यादित आचरण का उत्तर समय आने पर अवश्य देगी.
सपा सांसद का वीडियो बयान वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद तेज
मालूम हो कि सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी की है. बयान के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों, महंगाई, स्मार्ट मीटर और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी हमला बोला. बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया.
बीजेपी अध्यक्ष बोले- यह भारतीय संस्कारों का अपमान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि सपा सांसद द्वारा देश के प्रधानमंत्री के लिए अपमानजनक भाषा का प्रयोग बेहद निंदनीय है. जिस प्रधानमंत्री का सम्मान देश ही नहीं, पूरी दुनिया करती है, उनके लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मर्यादाओं और भारतीय संस्कारों का अपमान है.
सपा गुंडों और गालीबाजों की पार्टीः पंकज चौधरी
पंकज चौधरी ने कहा कि सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जो गंदी और घटिया भाषा इस्तेमाल की है, उससे साबित हो गया है कि सपा ‘गुंडों’ और ‘गालीबाजों’ की पार्टी है. प्रधानमंत्री किसी दल का नहीं पूरे देश का गौरव होता है. उनके लिए अपशब्दों का प्रयोग करना न केवल 140 करोड़ भारतीयों का अपमान है, बल्कि यह हमारे लोकतंत्र की मर्यादा पर भी एक गहरा प्रहार है.
BJP हमीरपुर के अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने सपा सांसद के बयान की घोर निंदा करते हुए कहा, “नीतियों और तथ्यों से लड़िए, लेकिन सांसद होकर ऐसी सड़क छाप भाषा का इस्तेमाल करना अक्षम्य है. जब तक वे देश से माफी नहीं मांगते और उन पर मुकदमा दर्ज नहीं होता, हमारा आंदोलन जारी रहेगा.”
सांसद रवि किशन बोले- तुरंत माफी मांगनी चाहिए
गोरखपुर सांसद रवि किशन ने इसे सपा की वास्तविक मानसिकता करार दिया. उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी 145 करोड़ देशवासियों के जनादेश का अपमान है और अजेंद्र सिंह लोधी को इसके लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए.
