कानून से खेला तो धज्जियां उड़ा देंगे, CM योगी की अपराधियों को खुली चेतावनी; जेल जाएंगे या जहन्नुम

Sanchar Now
14 Min Read

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर बड़ा संदेश दिया है. उन्होंने कहा है कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि किसी ने कानून की धज्जियां उड़ाने की तनिक भी कोशिश की तो उसकी धज्जियां उड़ाने में देर नहीं लगेगी. प्रदेश में सुरक्षा पर जो भी संकट पैदा करेगा, उसके लिए जेल और जहन्नुम के रास्ते खुले हुए हैं. प्रदेश माफियामुक्त हो चुका है और कोई फिर सिर उठाएगा तो वह मिट्टी में मिला दिया जाएगा.

सीएम योगी, शनिवार को वार्ड नंबर 80, राप्ती नगर के अंतर्गत बशारतपुर में नवनिर्मित कल्याण मंडपम सहित गोरखपुर विकास प्राधिकरण और नगर निगम की 130.73 करोड़ रुपये की लागत वाली 170 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे. मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में उपद्रव, अराजकता या गुंडागर्दी नहीं है बल्कि सर्वत्र सुरक्षा का माहौल है.

‘जिन्हें विकास, रोजगार पसंद नहीं, वे समाज को जाति नाम पर बाटेंगे’

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से सुरक्षा के माहौल में हो रहे प्रदेश के विकास का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा जिन्हें विकास, रोजगार और उत्सवपूर्ण माहौल पसंद नहीं है, वे अब समाज को जाति, क्षेत्र व भाषा के नाम पर बांटने का काम करेंगे. जनता को ऐसे लोगों से सतर्क और सावधान रहना होगा. उन्होंने बिना किसी का नाम लिए, समाज को बांटने वाले लोगों को डकैतों का गिरोह करार दिया. सीएम ने कहा, ‘डकैतों के इस गिरोह को जब भी मौका मिला तो उन्होंने प्रदेश और देश को लूटने का काम किया. उत्सव से पहले उपद्रव करना, दंगे करना, कर्फ्यू लगवाना ही इनकी पहचान थी.’ उन्होंने कहा कि बीजेपी की डबल इंजन सरकार किसी भी गरीब, दलित, वंचित का उत्पीड़न या शोषण नहीं होने देगी. किसी ने शोषण या उत्पीड़न किया तो उससे सख्ती से निपटने का काम करेगी.

माफिया के साथ मच्छरजनित बीमारी का भी किया समाधान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते करीब दस वर्ष में उन्होंने माफिया का सफाया करने के साथ ही मच्छरजनित बीमारी इंसेफेलाइटिस का भी समाधान कर दिया गया. सीएम योगी ने याद दिलाया कि 2017 के पूर्व इंसेफेलाइटिस की त्रासदी के कारण गोरखपुर सहित पूरे पूर्वी उत्तर प्रदेश में दहशत का माहौल रहता था. इंसेफेलाइटिस की बीमारी 1977 से चली आ रही थी. पर इस दौरान दूसरे दलों की सरकारों ने समाधान पर ध्यान नहीं दिया. इंसेफेलाइटिस को लेकर उन सरकारों के कान पर जूं तक नहीं रेंगती थी. मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने सांसद के रूप में इंसेफेलाइटिस के समाधान के लिए सदन से सड़क तक लड़ाई लड़ी और जब मुख्यमंत्री बने तो समाधान करके दिखा भी दिया. उन्होंने कहा कि अब मासूम बच्चे इंसेफेलाइटिस की चपेट में आकर दम नहीं तोड़ते.

पढ़ें  दिल्ली कार ब्लास्ट में यूपी के 4 लोगों की मौत, अमरोहा, शामली और मेरठ के रहने वाले थे, घर लाए गए शव

अच्छी सरकार में होते हैं अच्छे कार्य

सीएम योगी ने जब अच्छी सरकार होती है तभी अच्छे कार्य आगे बढ़ते हैं. अच्छी सरकार ही युवाओं, बेटियों और महिलाओं के बारे में अच्छा सोचती है. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है. अगले एक साल में एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी का  नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा. युवाओं के रोजगार के लिए हर जिले में सरदार वल्लभ भाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड स्किलिंग जोन बनाया जा रहा है. यहां स्किल से जॉब की गारंटी दी जाएगी.

मुख्यमंत्री ने बेटियों और महिलाओं के लिए सरकार की नई पहल का जिक्र करते हुए बताया कि अगले दो माह में स्नातक अंतिम वर्ष की 50 हजार छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी. उन्होंने कहा कि 2017 के पहले यूपी में न तो बेटियों की अच्छी पढ़ाई की व्यवस्था थी और न ही गरीब बेटियों की शादी की. जब उन्होंने सामूहिक विवाह योजना शुरू की तो समाजवादी पार्टी ने विरोध किया. सीएम ने बताया कि अब तक पांच लाख बेटियों की शादी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत हो चुकी है. सरकार इसमें हर बेटी की शादी के लिए एक लाख रुपये का अनुदान दे रही है.

मुख्यमंत्री ने 60 वर्ष से ऊपर की महिलाओं को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा योजना की भी चर्चा की. कहा कि अब कोई भी माता निश्चिंत होकर जब चाहे अयोध्या, काशी, प्रयाग, विंध्याचल, देवीपाटन दर्शन करने जा सकती है. इसके साथ ही उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर 60 लाख से अधिक महिलाओं के निशुल्क बस यात्रा करने की जानकारी देते हुए कहा कि यह सब तब संभव होता है ज  खजाने में पैसा और अच्छी सरकार होती है.

सीएम ने गोरखपुर के विकास की खूब की चर्चा

लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री ने 2017 के बाद हुए गोरखपुर के विकास की खूब चर्चा की. उन्होंने कहा कि पहले यहां न बिजली आती थी और न ही अच्छी सड़कें थी. मरीजों के लिए इलाज और नौजवानों के लिए नौकरी का अभाव था. जबकि अब भरपूर बिजली आ रही है. सिक्सलेन फ्लाईओवर सहित  फोरलेन सड़कों का जाल बिछ चुका है. स्मार्ट सड़कों के साथ ऑटो मोड में ट्रैफिक, स्वच्छता आदि की निगरानी हो रही है. बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी सेवा मिल रही है, गोरखपुर में एम्स भी खुल चुका है.

खाद कारखाना फिर से चल रहा है. चार विश्वविद्यालय संचालित हो रहे हैं. बाढ़ की समस्या का समाधान हुआ है. 2017 के पहले बदहाल रामगढ़ताल अब फिल्मों की शूटिंग का केंद्र बन रहा है. गोरखपुर पर्यटन के एक नए हब के रूप में पहचान बना रहा है. सीएम योगी ने गोड़धोइया नाला परियोजना का भी उल्लेख किया. कहा कि इस नाला परियोजना से अब शहर के उत्तर में जलजमाव से मुक्ति मिल गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि अब नौजवान को नौकरी भी मिल रही है तथा बेटी और व्यापारी की सुरक्षा पर भी संकट नहीं है.

पढ़ें  क्या आप नॉनवेज खाते हैं, आप चोटी रखते हैं...? राम मंदिर के CEO के लिए क्या-क्या पूछे गए सवाल

कल्याण मंडपम सकारात्मक परिवर्तन और जनसुविधा का प्रतीक

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बशरतपुर कल्याण मंडपम को सकारात्मक परिवर्तन और जन सुविधा का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि यह कल्याण मंडपम जहां बना है वह जमीन काफी गहरी थी. अच्छी सोच से हुए कार्य के कारण अब यह शानदार उत्सव और सार्वजनिक आयोजन का माध्यम बनेगी. उन्होंने कहा कि इस कल्याण मंडपम के लिए उन्होंने ढाई करोड़ रुपये विधायक निधि से दिए हैं, बाकी पैसा जीडीए ने लगाया है. उन्होंने कहा कि कल्याण मंडपम, कम खर्च में होटल का शानदार विकल्प है. उन्होंने कहा कि तीन कल्याण मंडपम अभी निर्माणाधीन हैं और कुछ नए भी स्वीकृत होने वाले हैं.

सुरक्षा के साथ सुविधा भी देती है डबल इंजन सरकार : रविकिशन

कल्याण मंडपम और अन्य विकास कार्यों के लोकार्पणशिलान्यास समारोह में सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि डबल इंजन की बीजेपी सरकार सुरक्षा, विकास व रोजगार के साथ सुविधा भी देती है. पीएम मोदी और सीएम योगी की सोच बिना भेदभाव, समाज के हर पात्र व्यक्ति को शासन की योजना से लाभान्वित करने की है. रविकिशन ने कहा कि यूपी में तीसरी बार सीएम योगी के नेतृत्व में सरकार बननी तय है.

सीएम योगी की दूरदर्शिता का परिणाम है कल्याण मंडपम : डॉ. मंगलेश

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि नागरिकों को एक बेहतरीन सौगात के रूप में कल्याण मंडपम, सीएम योगी की दूरदर्शिता का परिणाम है. उनके मार्गदर्शन में महानगर में कल्याण मंडपम की श्रृंखला खड़ी हो रही है. महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गोरखपुर विकास की नई ऊंचाईयों पर पहुंच रहा है.

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मत्स्य विभाग के मंत्री संजय निषाद, जिला पंचायत की प्रशासक साधना सिंह, एमएलसी एवं बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, श्रीराम चौहान, विधायक फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, बीजेपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, नगर निगम की उपसभापति पूनम सिंह, जीडीए बोर्ड के सदस्य राधेश्याम श्रीवास्तव, पवन त्रिपाठी, दुर्गेश बजाज, बीजेपी के महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत मे जीडीए बोर्ड के अध्यक्ष एवं मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया.

सीएम ने फीता काटकर किया कल्याण मंडपम का लोकार्पण

मंचीय कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर कल्याण मंडपम का औपचारिक उद्घाटन किया. इसके बाद उन्होंने मंडपम का भ्रमण और निरीक्षण कर यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं की जानकारी ली. जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने उन्हें मंडपम की विशेषताओं की विस्तार से जानकारी दी. निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने कल्याण मंडपम के परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया.

पढ़ें  गोरखपुर जनता दर्शन; सीएम योगी का निर्देश-जरूरतमंदों को आवास, बीमार के उपचार की करेंगे व्यवस्था

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है कल्याण मंडपम

बशारतपुर कल्याण मंडपम का निर्माण 2593 वर्गमीटर भूमि पर 3.10 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है. आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला से सुसज्जित कल्याण मंडपम दो तल में निर्मित है. यहां 300 से 500 लोगों की क्षमता के आयोजन हो सकेंगे. भूतल पर हाल, किचन, स्टोर, ऑफिस, चेंज रूम और महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलगअलग टॉयलेट बनाए गए हैं. प्रथम तल पर एक हाल, अटैच्ड टॉयलेट और ड्रेसिंग रूम सहित छह कमरों का निर्माण कराया गया है.

परिसर में मुख्य भवन के सामने एक आकर्षक फव्वारा भी बनवाया गया है. कल्याण मंडपम आने वाले वाहनों के लिए परिसर के अंदर ही इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाकर अलग से पर्याप्त पार्किंग का प्रावधान किया गया है. परिसर में लॉन भी विकसित किया गया है और फूल पौधे लगाकर सजाया गया है. कल्याण मंडपम बनाने का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को विवाह, तिलक, मुंडन और अन्य सामाजिकसांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए किफायती दरों पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है.

सीएम के हाथों इन विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण

  • बशारतपुर कल्याण मंडपम (जीडीए), लागत 3 करोड़ 10 लाख रुपये.
  • जीडीए की तरफ से विभिन्न क्षेत्रों में पार्क निर्माण, सड़क व नाली निर्माण और लाइटिंग के 14 कार्य, लागत 7 करोड़ 74 लाख 33 हजार रुपये.
  • नगर निगम की तरफ से विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन विस्तार, नलकूप स्थापना और इंडिया मार्कटू हैंडपंपों की रीबोरिंग के 29 कार्य, लागत 39 करोड़ 90 लाख रुपये.
  • नगर निगम की तरफ से बाढ़ और जलभराव से राहत के लिए बाढ़ पंपिंग स्टेशनों की क्षमता वृद्धि एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य, लागत 30 करोड़ 9 लाख रुपये.

इन विकास कार्यों का हुआ शिलान्यास

  • जीडीए की तरफ से विभिन्न क्षेत्रों में कराए जाने वाले पार्क सुंदरीकरण, सीसीटीवी कैमरा स्थापना सहित कुल 15 कार्य, लागत 2 करोड़ 74 लाख 68 हजार रुपये.
  • नगर निगम की तरफ से 11.92 करोड़ रुपये से 41 सड़कों और नालियों का निर्माण, लागत 11 करोड़ 92 लाख रुपये.
  • नगर निगम की तरफ से 47 पार्कों का सुंदरीकरण, लागत 7 करोड़ 60 लाख रुपये.
  • नगर निगम की तरफ से नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर में कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन, लागत 5 करोड़ 7 लाख रुपये.
  • नगर निगम की तरफ से पथ प्रकाश के 7 कार्य, लागत 5 करोड़ 57 लाख रुपये.
  • नगर निगम की तरफ से पेयजल व जलभराव की समस्या को दूर करने के 13 कार्य, लागत 16 करोड़ 99 लाख रुपये.
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment