संचार नाउ। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच दुबई में फंसे भारतीय पर्यटकों की चिंता बढ़ती जा रही है। कई भारतीय नागरिक पिछले कई दिनों से फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं और सुरक्षित वतन वापसी के लिए भारत सरकार से लगातार गुहार लगा रहे हैं। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर पूरे मिडिल ईस्ट क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। इसी बीच भारत से दुबई घूमने गए कई पर्यटक वहां फंस गए हैं। इनमें ग्रेटर नोएडा के तिलपता गांव और सेक्टर-36 के कुछ लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं।
दरअसल, दुबई में फंसे पर्यटकों ने वीडियो जारी कर बताया है कि वे कई दिनों से होटल में ही इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी वापसी को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। पर्यटकों का कहना है कि वे अपने परिवार से दूर अनिश्चितता की स्थिति में हैं और जल्द से जल्द भारत लौटना चाहते हैं। दुबई में फंसे हुए पर्यटकों में चार ग्रेटर नोएडा से हैं जिनमें सेक्टर 36 निवासी कैलाश चंद वह स्नेह लता और तिलपता निवासी दिनेश नागर व राकेश देवी शामिल है।

मिडिल ईस्ट तनाव का असर, ग्रेटर नोएडा के तिलपता और सेक्टर-36 के लोग भी दुबई में फंसे
वहीं दूसरी ओर भारत में मौजूद उनके परिजन भी बेहद परेशान हैं। परिवार के लोग लगातार प्रशासन और सरकार से संपर्क कर अपने प्रियजनों की सुरक्षित वतन वापसी की मांग कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि घरों में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं अपने परिवार के सदस्यों के सुरक्षित लौटने की चिंता में दिन-रात परेशान हैं।
फंसे हुए पर्यटकों के अनुसार कुछ लोगों की दवाइयां भी खत्म होने लगी हैं, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है। हालांकि पिछले दो दिनों से क्षेत्र में किसी बड़े हमले की खबर नहीं आने से थोड़ी राहत जरूर है, लेकिन हालात को लेकर अभी भी असमंजस बना हुआ है।
दुबई में फंसे भारतीयों और उनके परिजनों ने भारत सरकार से विशेष उड़ानों की व्यवस्था कर जल्द से जल्द सुरक्षित वतन वापसी कराने की मांग की है, ताकि सभी लोग अपने परिवारों के बीच सकुशल लौट सकें।
