10 लाख में पति की हत्या की सुपारी, प्रेमी संग पत्नी ने रची साजिश; जमीन बेचकर हायर किए ‘किलर’

Sanchar Now
3 Min Read

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर पुलिस ने 27 सितंबर को रतनपुरी थाना क्षेत्र के अम्बरपुर गांव के जंगल में हुई प्रवीण उर्फ परविंदर की हत्या का खुलासा किया है. पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी रेखा ने ही अपने प्रेमी विकास के साथ मिलकर इस खौफनाक हत्याकांड का प्लान बनाया था.

अवैध प्रेम संबंधों में पति को बाधक मानते हुए पत्नी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची थी. एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में रतनपुरी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मामले का पर्दाफाश किया है.

जमीन बेचकर 10 लाख देने का किया था वादा: पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई कि रेखा अपने प्रेमी विकास शर्मा से शादी करना चाहती थी. पति को रास्ते से हटाने के लिए रेखा ने विकास को भरोसा दिया था कि हत्या के बाद जमीन बेचकर वह उसे 10 लाख रुपये देगी. इसके बाद विकास ने इस साजिश में राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह उर्फ कल्लू नाम के दो युवकों को भी शामिल कर लिया. राजा पर प्रवीण के करीब डेढ़ लाख रुपये बकाया थे, जिसे लेकर उनके बीच पहले से तनातनी चल रही थी.

फोन कर जंगल में बुलाया, फिर दो गोलियां मारकर ले ली जान: योजना के मुताबिक राजा ने एक नए SIM कार्ड का इस्तेमाल कर प्रवीण को फोन किया और उसे अम्बरपुर के जंगल में मिलने बुलाया. प्रवीण जैसे ही मौके पर पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ दो गोलियां चला दीं. गोली लगते ही प्रवीण लहूलुहान होकर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी स्विफ्ट कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए थे.

पढ़ें  इलाहाबाद HC में जजों के रूप में दो वकीलों की नियुक्ति, अधिसूचना जारी

पुलिस ने पत्नी और प्रेमी समेत 4 को किया गिरफ्तार: पुलिस की विशेष टीम ने सर्विलांस और फॉरेंसिक साक्ष्यों की मदद से पूरे मामले की कड़ियां जोड़ीं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी रेखा, प्रेमी विकास, राजा और कल्याण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल दो अवैध तमंचे, कारतूस, मोबाइल फोन और स्विफ्ट कार बरामद की गई है. पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment