ग्रेटर नोएडा: हरियाली ही स्वच्छता और सुंदरता की पहचान होती है. अब उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा को भी हरा-भरा बनाने की तैयारी तेज हो गई है और प्राधिकरण ने इसके लिए योजना भी बना ली है. इस योजना में ऐसे सेक्टरों को चुना जा रहा है, जहां लंबे समय से निविदा जारी नहीं हुआ है. इसके लिए एजेंसी का चयन किया जाएगा, जो इन सेक्टरों में हरियाली के कार्य को आगे बढ़ाएंगी और रखरखाव का काम करेंगी.
प्राधिकरण एजेंसी का चयन 2 साल के लिए कर रहा है. इसके लिए करीब 20 करोड़ रुपए के आसपास खर्च होंगे, जिससे चरणबद्ध तरीके से सभी सेक्टरों को हरा-भरा किया जा सके. सेक्टरों के अलावा नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट का इलाका भी चयन किया गया है, जहां अक्सर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित होते हैं.
1 साल बाद एजेंसी का चयन
उद्यान विभाग के नॉलेज पार्क-2 और 3, ओमेगा-1, सिग्मा-1, अल्फा, सेक्टर ज्यू-1, चाई-3, स्वर्णनगरी और बिल्डर्स एरिया जैसे आवासीय सेक्टरों में लगभग 1 साल के बाद निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी का चयन किया गया है और इन सेक्टरों को हरा-भरा बनाने की कवायत भी तेज हो गई है. प्राधिकरण सेक्टरों के साथ-साथ शहर के कई प्रवेश द्वारों, बैठने वाले स्थानों और सार्वजनिक इलाकों को भी सुंदर बनाएगा. सड़कों के किनारे भी लोगों को हरियाली नजर आएगी.
गायब हो रही थी सेक्टरों की रौनक
बता दें कि बीते साल में निविदा का चयन ना होने से शहर में हरियाली की व्यवस्था पर काफी प्रभाव पड़ा था. पार्कों की रौनक गायब हो गई थी, पौधे सुख रहे थे और हरित पट्टियों की हालत बदतर हो गई थी, जिसको देखते हुए प्राधिकरण ने शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए नई एजेंसी का चयन किया है. शहर के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि जिस इलाके में हरियाली का काम अधूरा है या शुरू भी नहीं हुआ है, वहां भी सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा. एजेंसी का चयन कर कार्य शुरू कर दिया गया है.
