यूपी सरकार के खजाने में ‘धनवर्षा’, पिछले साल के मुकाबले इस अप्रैल में मिला 2416 करोड़ अधिक राजस्व

Sanchar Now
4 Min Read

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के खजाने में अप्रैल माह में 20 हजार 621.24 करोड़ रुपये का राजस्व आया है। यह पिछले साल अप्रैल माह से 2416.42 करोड़ रुपये अधिक है।

उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर आर्थिक मजबूती की दिशा में अग्रसर है। बेहतर वित्तीय प्रबंधन, पारदर्शी कर व्यवस्था, निवेश अनुकूल वातावरण एवं प्रभावी प्रशासनिक मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप प्रदेश के कर एवं करेत्तर राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के माह अप्रैल 2026 में राज्य सरकार के प्रमुख कर एवं करेत्तर राजस्व मदों में कुल 20 हजार 621.24 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई, जबकि वित्तीय वर्ष 2025-26 के अप्रैल माह में यह प्राप्ति 18 हजार 204.82 करोड़ रुपये थी। इस प्रकार प्रदेश को गत वर्ष की तुलना में वर्तमान वित्तीय वर्ष के अप्रैल माह में 2416.42 करोड़ रुपये अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ है।

खन्ना ने बताया कि राज्य कर के अंतर्गत अप्रैल, 2026 में 10 हजार 892.18 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जो गत वर्ष अप्रैल की 9938.04 करोड़ रुपये की तुलना में 954.14 करोड़ रुपये अधिक है। इसमें जीएसटी के अंतर्गत 9783.34 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जबकि गत वर्ष यह 8943.48 करोड़ रुपये थी। उन्होंने बताया कि वैट के अंतर्गत अप्रैल, 2026 में 1108.84 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई, जबकि अप्रैल, 2025 में यह 994.56 करोड़ रुपये थी।

वित्त मंत्री ने बताया कि आबकारी राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। अप्रैल, 2026 में आबकारी विभाग से 5251.02 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जबकि गत वर्ष इसी अवधि में 4319.46 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई थी। यह लगभग 931.56 करोड़ रुपये की वृद्धि को दर्शाता है। इसी प्रकार स्टाम्प एवं निबंधन के अंतर्गत अप्रैल 2026 में 2870.75 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई, जबकि अप्रैल 2025 में यह धनराशि 2729.43 करोड़ रुपये थी। परिवहन विभाग के अंतर्गत अप्रैल, 2026 में 1317.02 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जबकि गत वर्ष अप्रैल माह में 1043.15 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। उन्होंने बताया कि भू-तत्व एवं खनिकर्म के अंतर्गत अप्रैल 2026 में 290.27 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जबकि अप्रैल 2025 में 174.74 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे।

पढ़ें  उत्तर प्रदेश की नई आयुष नीति जल्द, पीपीपी मॉडल पर चलेंगे अस्पताल और बनेगा शोध हब

मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा राजस्व संग्रह के लिए तकनीकी सुधार, डिजिटल ट्रैकिंग, ई-गवर्नेंस आधारित मॉनिटरिंग एवं पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश का कुल वार्षिक कर राजस्व लक्ष्य तीन लाख 34 हजार 491 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अप्रैल माह तक 21 हजार 377.75 करोड़ रूपये की प्राप्ति हो चुकी है। वहीं करेत्तर राजस्व के अंतर्गत 26 हजार 754.36 करोड़ रुपये के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष अप्रैल, 2026 तक 680.61 करोड़ रुपये की प्राप्ति दर्ज की गई है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment