Noida Crime: महिला मित्र से अश्लील हरकत कर रहा था डॉक्टर, करतूत देख आगबबूला हुआ प्रेमी; उठाया खौफनाक कदम

Sanchar Now
4 Min Read

ग्रेटर नोएडा: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा की ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने कुलेसरा गांव की संजय विहार कॉलोनी में मकान मालिक की हत्या का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अपनी प्रेमिका के साथ किराये पर रहने आया था। आरोप है कि यहां मकान मालिक प्रेमिका पर गलत नजर रख रहा था। वारदात से कुछ समय पहले मकान मालिक ने प्रेमिका के साथ छेड़छाड़ की थी। आपत्तिजनक स्थिति में देखने पर आरोपी आपा खो बैठा और हथौड़े, सर्जिकल ब्लेड से उस पर हमला कर दिया। आरोपी की निशानेदही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा और सर्जिकल ब्लेड भी बरामद किया गया है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि दिल्ली के कोंडली निवासी दिनेश गौड़ (50) का एक मकान ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा गांव की संजय विहार कॉलोनी में है। मकान की पहली मंजिल पर एक कमरे में उन्होंने अपना कार्यालय बना रखा है। 23 जनवरी को उन्होंने कुशीनगर निवासी इम्तियाज और उसकी प्रेमिका को कमरा किराये पर दिया था। आरोप है कि वह इम्तियाज की प्रेमिका पर गलत नजर रख रहा था।

25 जनवरी की रात मकान मालिक शराब पीकर और शराब लेकर अपने कमरे में पहुंचा था। इसके बाद उसने आरोपी और उसकी प्रेमिका को कमरे में बुलाया। इसके बाद वह थोड़ी-थोड़ी देर में किसी बहाने से इम्तियाज को कमरे से बाहर भेजने लगा। इस बीच में मौका पाकर वह उसकी प्रेमिका से छेड़छाड़ कर रहा था। इसी दौरान काम निपटाकर जब इम्तियाज आया तो उसने मकान मालिक को छेड़छाड़ करते देख लिया। इम्तियाज ने इसका विरोध किया तो दोनों को घर भेज दिया।

पढ़ें  इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो 2026 का भव्य आगाज, 1000 से अधिक ब्रांड और 25 हजार से ज्यादा बिजनेस विजिटर्स होंगे शामिल

बताया गया है कि कुछ देर बाद इम्तियाज और दिनेश के बीच हाथापाई हुई। दोनों ने एक दूसरे को दांतों से काटा भी था। आरोप है कि मकान मालिक बेड के गद्दे के नीचे से सर्जिकल ब्लेड निकालने लगा, इसी दौरान इम्तियाज को कमरे में हथौड़ा मिल गया और उसने उससे दिनेश गौड़ के सिर पर हमला कर दिया। हथौड़ा लगने से वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी ने सर्जिकल ब्लेड से पेट पर भी हमला किया। दिनेश की हत्या के बाद आरोपी उसका मोबाइल फोन और अपनी प्रेमिका को लेकर वहां से फरार हो गया।

कुशीनगर भागने की फिराक में थे आरोपी

दोनों कुशीनगर भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने आरोपी इम्तियाज को दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि घटना रात 11 से 12 बजे के बीच की है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा और ब्लेड बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि मृतक के पास डॉक्टर की कोई डिग्री नहीं है। उसने किसी डॉक्टर की क्लीनिक पर काम किया था। उसके बाद खुद का क्लिनिक चलाने लगा।

पुणे में शुरू हुई थी प्रेम कहानी

आरोपी 44 साल का है और छह बच्चों का बाप है, जबकि उसकी प्रेमिका की उम्र 32 वर्ष है। उसके भी दो बच्चे हैं। पिछले दो साल से दोनों अपने परिवार से अलग रह रहे हैं। पुणे में दोनों की मुलाकात हुई थी। वहीं से दोनों की प्रेम कहानी शुरू हुई। आरोपी पुणे में सिलाई का काम करता था, जबकि महिला अपनी बहन और जीजा के पास रहती थी। आरोपी ने गुरुग्राम में भी नौकरी की थी। अब दोनों ग्रेटर नोएडा में रहने आए थे। यहीं पर रहकर नौकरी तलाश कर रहे थे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment