परिवारवाद-जातिवाद से ऊपर नहीं उठ सकती SP-कांग्रेस, ये विकास विरोधी… हरदोई में बोले PM मोदी

Sanchar Now
12 Min Read

हरदोई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को उत्‍तर प्रदेश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। मेरठ से प्रयागराज तक बने 594 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद 12 घंटे का सफर अब सिर्फ 6 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। यह एक्सप्रेस-वे 12 जिलों से गुजरेगा। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक समय यूपी की पहचान गड्ढों से होती थी। पहले पड़ोस के जिलों तक जाना भी मुश्किल होता था। अब यूपी में 21 एयरपोर्ट हैं। इनमें 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट है। हमारा यूपी भगवान राम और भगवान कृष्‍ण की धरती है। पिछली सरकारों ने अपनी करतूतों के कारण यूपी को पिछड़ा बना दिया। माफिया के ऊपर फिल्‍में बनती थीं। जिन सपाइयों के हाथ से सत्‍ता गई, उन्‍हें यूपी की प्रगति पसंद नहीं आ रही।

प्रधानमंत्री ने कहा- ‘समाजवादी पार्टी विकास विरोधी तो है ही, नारी विरोधी भी है। पिछले दिनों संसद में सपा और कांग्रेस ने महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को पास नहीं होने दिया। अगर ये बिल पास हो जाता तो यूपी से भारी संख्‍या में महिलाएं सांसद बनकर दिल्‍ली पहुंचती। सपा वाले संसद में यूपी वालों को गाली देने वाली पार्टियों के साथ खड़े हो जाते हैं। ये हमेशा अपराधियों के साथ खड़े रहते हैं। ये लोग परिवारवाद और जातिवाद से ऊपर नहीं उठ सकते। इसीलिए सब कहते हैं कि सपा वाले कभी सुधर नहीं सकते।’

‘पांच साल के भीतर बनकर तैयार हो गया एक्‍सप्रेसवे’

पीएम मोदी ने कहा- ‘दिसंबर 2021 में गंगा एक्‍सप्रेसवे का शिलान्‍यास करने मैं शाहजहांपुर आया था। देश के सबसे लंबे एक्‍सप्रेसवे में शुमार गंगा एक्‍सप्रेसवे पांच साल के भीतर बनकर तैयार हो गया है। इसके विस्‍तार की योजना पर भी काम शुरू हो गया है। जल्‍द ही गंगा एक्‍सप्रेसवे मेरठ से आगे बढ़कर हरिद्वार तक पहुंचेगा। फरुर्खाबाद लिंक के जरिये इसे अन्‍य एक्‍सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा। ये है डबल इंजन के सरकार के काम करने का तरीका।’

‘पहले सड़क बनने के लिए लोग दशकों करते थे इंतजार’

प्रधानमंत्री ने कहा- ‘कुछ ही दिन पहले मुझे दिल्‍ली-देहरादून एक्‍सप्रेसवे के लोकार्पण का मौका मिला था। ये एक्‍सप्रेसवे आधुनिक भारत की हस्‍तरेखाएं हैं। अब वह दौर चला गया जब एक सड़क के लिए दशकों तक इंतजार करना पड़ा। एक बार घोषणा हो गई तो सालों तक फाइलें चलती थीं। सरकारें आती रहती थीं पर काम का पता नहीं चलता था। डबल इंजन सरकार में शिलान्‍यास भी होता है और तय समय में लोकार्पण होकर ही रहता है।’

पढ़ें  बांके बिहारी मंदिर के कॉरिडोर को सुप्रीम कोर्ट की हरी झंडी, 5 एकड़ जमीन अधिग्रहण की भी मिली परमिशन

‘पहले की सरकारों ने किसानों की उपेक्षा की’

पीएम नरेंद्र मोदी ने यूपी की पूर्ववर्ती सपा और बसपा सरकारों पर भी हमला किया। उन्‍होंने कहा- ‘पहले की सरकारों ने जिस तरह किसानों की उपेक्षा की। इस कारण किसान परेशानियों में उलझ कर रह गए। किसानों को उनकी मेहनत का पैसा नहीं मिलता था। गंगा एक्‍सप्रेसवे से कम समय में बाजारों तक पहुंच बढेगी। ये एक्‍सप्रेसवे एनसीआर की असीम संभावनाओं को करीब लाएगा। इसके लिए हरदोई जैसे कई जिलों में इंडस्ट्रियल कॉरीडोर विकसित किए जा रहे हैं। युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे। मेरठ की स्‍पोर्ट्स इंडस्‍ट्री, प्रतापगढ़ की आंवला इंडस्‍ट्री आदि को नया आयाम मिलेगा।’

‘आज ब्रह्मोस जैसी मिसाइलें आज यूपी में बनती हैं’

प्रधानमंत्री ने कहा- ‘पहले यूपी को पिछड़ा और बीमारू प्रदेश कहा जाता था। आज यूपी एक ट्रिलियन इकॉनामी बनने जा रहा है। यूपी के युवाओं का इस्‍तेमाल हम अच्‍छी तरह से कर रहे हैं। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं। जिस यूपी की पहचान पहले पलायन से होती है, उसे आज इन्‍वेस्‍ट यूपी के नाम से जाना जाता है। अगर भारत में सबसे ज्‍यादा मोबाइल बनते हैं तो यूपी का उसमें सबसे बड़ा योगदान है। सेमीकंडक्‍टर क्षेत्र में भी यूपी तेजी से स्‍थान बना रहा है। आज देश के दो डिफेंड कॉरीडोर में से एक यूपी में है। ब्रह्मोस जैसी मिसाइलें आज यूपी में बनती हैं।’

‘कुछ ही घंटे में काशी और संगम का दर्शन संभव’

अपने भाषण की शुरुआत में पीएम मोदी ने भगवान नरसिंह की भूमि को प्रणाम किया। उन्‍होंने कहा- ‘यहां पास में मां गंगा बहती हैं। इसलिए ये पूरा क्षेत्र किसी तीर्थ से कम नहीं है। मैं मानता हूं कि यूपी को इतने एक्‍सप्रेसवे का वरदान मां गंगा का ही आशीर्वाद है। अब आप कुछ ही घंटे में काशी भी पहुंच सकते हैं और प्रयागराज में संगम स्‍नान भी कर सकते हैं। जैसे मां गंगा हजारों वर्षों से इस देश और यूपी की जीवनरेखा रही है, वैसे ही आधुनिक दौर में गंगा मैया के समीप बने एक्‍सप्रेसवे एक बड़ी मिसाल बनेगा। मैं पिछले कुछ समय से मां गंगा के सानिध्‍य में हूं। मैं 24 अप्रैल को बंगाल में गंगासागर में था। कल तो मैं काशी में ही थी। आज मुझे मां गंगा के नाम पर बने इस एक्‍सप्रेसवे के लोकार्पण का मौका मिला है। इसमें विकास का हमारा विजन भी झलकता है और हमारी विरासत के दर्शन भी होते हैं। मैं यूपी के करोड़ों लोगों को बधाई देता हूं।’

पढ़ें  14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजे गए गुप्ता बंधु, कोर्ट के बाहर उमड़ी भीड़

‘बंगाल में सात दशक बाद निर्भीक होकर वोट दे रहे लोग’

अपने उद्बोधन में पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल में चल रहे चुनाव का भी जिक्र किया। उन्‍होंने कहा- आज लोकतंत्र के उत्‍सव का भी अहम दिन है। पश्चिम बंगाल में अंतिम चरण का मतदान चल रहा है। पता चला है कि पहले चरण की तरह इस बार भी जनता वोट देने निकली है। लंबी लंबी कतारों की तस्‍वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। पिछले सात दशकों में जो नहीं हुआ, जिसकी कल्‍पना भी मुश्किल थी, वैसे निर्भीक वातावरण में बंगाल में इस बार लोग वोट दे रहे हैं। ये देश के संविधान और मजबूत होते लोकतंत्र का प्रतीक है। मैं बंगाल की जनता का आभार प्रकट करता हूं। वे बड़ी सजगता से वोटिंग कर रहे हैं। अभी वोटिंग खत्‍म होने में कई घंटे बाकी हैं।

‘पांचों राज्‍यों में भाजपा लगाएगी जीत का हैट्रिक’

प्रधानमंत्री बोले- ‘कुछ समय पहले जब बिहार में चुनाव हुए थे तब बीजेपी और एनडीए ने प्रचंड जीत हासिल की थी। अभी कल ही गुजरात में नगर पंचायत के चुनावों में भाजपा को भारी जीत मिली है। मुझे विश्‍वास है कि बंगाल, असम समेत पांच राज्‍यों के चुनाव में भी भाजपा ऐतिहासक जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है। चार मई के नतीजे विकसित भारत के संकल्‍प को मजबूत करेंगे। देश के विकास की गति को नई ऊर्जा से भरेंगे।’

3 साल में काम हुआ पूरा, 36500 रुपये आई लागत

आपको बता दें कि गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण में 36500 रुपये का खर्च आया। इसको करीब साढ़े तीन साल में पूरा किया गया। इसका निर्माण चार पैकेज में किया गया है, जिसमें तीन पैकेज का निर्माण अडाणी इंटरप्राइजेज ने किया है। वहीं एक पैकेज का निर्माण आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स द्वारा किया गया है।

इन 12 जिलों के 519 गांवों को होगा लाभ

यह एक्सप्रेस-वे 12 जिलों से होकर गुजरेगा। इसमें मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज शामिल हैं। इस एक्सप्रेस-वे से 519 से अधिक गांवों को लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।

पढ़ें  सिद्धार्थनगर में दर्दनाक हादसा! तेज रफ्तार ट्रक ने ली 150 भेड़ों की जान, कई घायल

हर 60 किलोमीटर पर पेट्रोल पंप और चार्जिंग स्‍टेशन

एक्सप्रेस-वे के हर 60 किलोमीटर पर साइड एमिनिटिज बनाई गई हैं जिसमें चार्जिंग स्टेशन, पेट्रोल पंप, होटल, फूड प्लाजा होंगे। 17 रैंप प्लाजा का निर्माण किया गया है।सुरक्षा के लिए सवा दो मीटर की कंकरीट वॉल बनाई गई है। हर किलोमीटर पर एक सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। सड़क के दोनों ओर रम्बल स्ट्रिप बनाई गई है, यदि किसी वाहन चालक को झपकी लग गयी और उसकी गाड़ी असुंतलित होकर साइड में जाने लगी तो जैसे ही रम्बल स्ट्रिप पर पहिया चढ़ेगा गाड़ी में तेजी से कम्पन होगा जिससे चालक सावधान हो जाएगा।

3.5 किलोमीटर लंबी एयरस्ट्रिप भी

एक्सप्रेसवे में कहीं भी रेस्क्यू करने के लिए अधिकतम 5-6 मिनट का ही समय लगेगा। एक्सप्रेसवे पर शाहजहांपुर में 3.5 किलोमीटर लंबी एयरस्ट्रिप का निर्माण किया गया है जहां फाइटर जेट सहित कोई भी विमान उतर सकते हैं। एक्सप्रेस-वे पर 140 ब्रिज बनाए गए हैं जिनमें 14 बड़े ब्रिज और 126 छोटे ब्रिज हैं।स्थानीय किसानों व लोगों की सुविधा के लिए अंडरपास बनाये गए हैं।

120 से ऊपर हुई गति सीमा तो होगा चालान

गंगा एक्सप्रेसवे पर अधितकम 120 किलोमीटर की गति सीमा निर्धारित की गई है, यदि कोई वाहन चालक निर्धारित गति से अधिक स्पीड पर वाहन चलाएगा तो उसका चालान होगा। सबसे बड़ी बात यह है कि वाहन चालकों को तुरंत ही चलान का भुगतान करना होगा। एक्सप्रेस-वे का संचालन और टोल की जिम्मेदारी संभालने वाली कंपनी अडाणी इंटरप्राइजेस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार एक्सप्रेस-वे पर अगर कोई व्यक्ति निर्धारित स्पीड से अधिक स्पीड पर गाड़ी चलाता है, तो टोल पर उससे जुर्माना वसूल लिया जाएगा।

गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे बनेंगे 6 कलस्टर

गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे 6 इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एवं लॉजिस्टिक्स कलस्टर बनाए जाएंगे। ये कलस्टर मेरठ, उन्नाव, बदायूं, संभल, हरदोई और शाहजहांपुर में बनेंगे। इसमें सबसे बड़ा कलस्टर संभल में प्रस्तावित है, जहां 591 एकड़ में कलस्टर का निर्माण किया जाएगा। वहीं मेरठ में 529 एकड़ में कलस्टर बनाया जाएगा।

12 जिलों के धार्मिक स्थल सीधे जुड़ेंगे

प्रदेश के सबसे बड़े 594 किलोमीटर लंबे, इस एक्सप्रेस-वे के जरिए गढ़मुक्तेश्वर, कल्कि धाम, बेल्हा देवी धाम, चंद्रिका देवी शक्ति पीठ और त्रिवेणी संगम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसानी से पहुंचा जा सकेगा। इन स्थानों पर वर्ष भर लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment