दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित बहुमंजिला इमारत में लगी आग, तीन लोगों की मौत

Sanchar Now
4 Min Read

दिल्ली में आग से होने वाले हादसे बंद होने का नाम नहीं ले रहे हैं. अब दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में गुरुवार-शुक्रवार (11-12 जून) की दरमियानी रात एक बहुमंजिला बिल्डिंग में आग लग गई, जिसमें तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. वहीं, धुआं भरने की वजह से कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

दमकल विभाग के मुताबिक, रात करीब 2:25 पर उन्हें इस आग की सूचना मिली जिसके तुरंत बाद कई फायर ब्रिगेड तुरंत तुगलकाबाद की गली नंबर-1, नया तारा अपार्टमेंट के पास पहुंचीं.

बाइक और स्कूटी में लगी आग

यह आग एक मकान के अंदर खड़े वाहनों में लगी थी, जिसकी वजह से पूरी बिल्डिंग में धुआं फैल गया और कई लोग अंदर फंस गए. दमकल कर्मियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सुबह तक 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया.

फायर अधिकारियों के अनुसार सुबह 3:45 पर आग पर नियंत्रण पाया जा सका. इसके बाद भी तलाशी और बचाव अभियान जारी रखा गया. सुबह 4 बजे तक आग पूरी तरह से बुझा ली गई.

ग्राउंड फ्लोर पर लगी आग, तीन मंजिलें पूरी तरह जलीं

ADO यशवंत मीणा ने जानकारी दी है कि घर के ग्राउंड फ्लोर पर बने पार्किंग एरिया में 3 स्कूटी, 2 बाइक और 1 साइकिल में आग लग गई थी. आग और धुआं ग्राउंड फ्लोर से लेकर 5वीं मंज़िल तक फैल गया. ग्राउंड, पहली और दूसरी मंजिल पूरी तरह जल गई हैं, जबकि बाकी फ्लोर आंशिक रूप से जले हैं. DFS की टीम छत पर भी पहुंची. छत के गेट का ताला काटकर वे बिल्डिंग के अंदर गए और घर की छत से 2 लड़कियों को बचाया, जिन्हें CATS और PCR के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया.

पढ़ें  2036 में ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत मजबूती से जुटा, वाराणसी में बोले पीएम मोदी

चार्ज में लगे इलेक्ट्रिक स्कूटर से शॉर्ट सर्किट की आशंका

दिल्ली पुलिस द्वारा जानाकरी मिली है कि गोविंदपुरी के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में देर रात एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. रात 2 बजकर 24 मिनट पर थाना गोविंदपुरी में PCR कॉल आई. शुरुआती जांच में सामने आया कि ग्राउंड फ्लोर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगी. आग ने चार्जिंग पर लगे एक इलेक्ट्रिक स्कूटर समेत वहां खड़े 7 दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. हालांकि आग लगने की असल वजह विस्तृत जांच के बाद ही पता चलेगी.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद SHO, ACP, एडिशनल DCP और DCP साउथ ईस्ट भी पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया गया. मौके पर 4 फायर टेंडर और CATS एम्बुलेंस भी पहुंचीं. संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन में धुएं में फंसे 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. सभी को तुरंत सफदरजंग अस्पताल और AIIMS ट्रॉमा सेंटर भेजा गया.

22 साल के युवक और दो महिलाओं की मौत

इस हादसे में 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. मरने वालों में एक 22 साल का युवक और दो महिलाएं शामिल हैं. वहीं दो अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है. फिलहाल, पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर हैं. आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment