सहारनपुर में स्पोर्ट्स कॉलेज की नदी में सैलाब, पुल टूटा, शाकांभरी नदी का पानी दुकानों में घुसा, कई गांवों का संपर्क कटा

Sanchar Now
2 Min Read

शिवालिक पहाड़ियों में सोमवार रात हुई भारी बारिश के बाद सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी क्षेत्र में नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। भूरादेव मंदिर के पास शाकंभरी खोल में देर रात बाढ़ आ गई। बताया गया कि इस बरसात के मौसम में पहली बार शाकंभरी नदी में इतना अधिक पानी आया है।

नदी किनारे स्थित खिलौनों और अन्य सामान की दुकानों में पानी घुस गया। अचानक पानी आने से दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। दुकानों में पानी भरने से सामान को नुकसान पहुंचा है।

हाईवे पर फिर पहुंचा बरसाती नदियों का पानी

मिर्जापुर क्षेत्र में भी बारिश के बाद कई बरसाती नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। शाहपुर गाड़ा, पाडली और नौगांवा समेत कई बरसाती नदियां उफान पर आ गईं। इनके पानी का असर सहारनपुर-विकासनगर हाईवे पर भी दिखाई दिया।

हाईवे पर पानी आने से यातायात प्रभावित हुआ। आसपास के गांवों के निचले इलाकों में भी पानी पहुंच गया। कई ग्रामीणों के घरों तक बरसाती पानी पहुंचने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुल के पाइप में कचरा फंसने से गांवों में घुसा पानी

गांव जाटोंवाला स्थित निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज की ओर जाने वाले पुल के नीचे बने पाइपों में कचरा फंस गया। इसके कारण पानी की निकासी प्रभावित हुई और गांगरोह नदी का पानी आसपास के इलाकों में फैल गया।

पानी असगरपुर और महमूदपुर गांवों तक पहुंच गया। कई किसानों के खेतों के साथ आम और लीची के बाग भी जलमग्न हो गए। इससे किसानों को नुकसान की आशंका है। निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में भी पानी घुसने की जानकारी सामने आई है।

पढ़ें  लखनऊ अग्निकांड : बिल्डिंग में कैसे लगी आग? विद्युत सुरक्षा निदेशालय की प्रारंभिक रिपोर्ट में खुलासा

अधिकारी मौके पर पहुंचे, नुकसान का लिया जायजा

बारिश और जलभराव की सूचना मिलने के बाद एसडीएम विकास पांडे और तहसीलदार विजय कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। बरसाती नदियों के जलस्तर पर भी नजर रखी जा रही है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment