नोएडा में चार मंजिला मेट्रो स्टेशन बनेगा, तीन नए स्टेशनों के डिजाइन में किया गया बदलाव

Sanchar Now
3 Min Read

नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने अब तीन नए मेट्रो रूट पर बनने वाले स्टेशनों के डिजाइन में बदलाव किया है। ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी, बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 और सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति रूट पर अब तीन मंजिला कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के साथ स्टेशन बनेंगे। मौजूदा स्टेशनों की तरह इनकी लंबाई 140 मीटर और चौड़ाई 30 मीटर ही रहेगी।

एनएमआरसी के अधिकारियों के अनुसार स्टेशन की लंबाई-चौड़ाई बदले बिना स्टेशन की ऊंचाई दो मंजिल बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे नोएडा देश का पहला शहर बनेगा, जहां चार मंजिला मेट्रो स्टेशन होंगे। यात्री स्टेशन पर शॉपिंग भी कर सकेंगे। इस योजना की प्रेरणा बेंगलुरु से ली गई है। जहां इन्फोसिस ने मेट्रो प्रबंधन को 100 करोड़ रुपये देकर स्टेशन बनवाया था, जिसे कंपनी से स्काईवॉक से जोड़ा गया।

एनएमआरसी नए स्टेशनों का निर्माण पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) के जरिये कराएगा। हर स्टेशन पर लगभग 45 से 50 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसे चुनी गई कंपनी उठाएगी। इसके बदले कंपनी को 30 वर्ष के लिए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स लीज पर दिया जाएगा, जिसे वह आगे सबलीज कर सकेगी। वैकल्पिक रूप से 30 वर्ष के लिए को-ब्रांडिंग का अधिकार भी दिया जा सकता है। कंपनी को इन दोनों विकल्पों में से एक चुनना होगा। सुझाव लेने के लिए एनएमआरसी ने एक हजार करोड़ वार्षिक टर्नओवर वाली 60 मल्टीनेशनल कंपनियों को एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) के जरिये आमंत्रित किया है।

ग्रेनो वेस्ट में मेट्रो का विस्तार करने की मांग

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो परियोजना को केंद्रीय कैबिनेट की मुहर लगने से लोगों में खुशी का माहौल है। इस बीच मेट्रो का विस्तार नॉलेज पार्क- 5 तक किए जाने की मांग उठी है। गुरुवार को सोशल मीडिया मंच पर लोगों ने प्रतिक्रिया व्यक्त की। गौतबुद्ध नगर विकास समिति (जीबीएनवीएस) की अध्यक्ष रश्मि पांडेय का कहना है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो की मंजूरी स्वागत योग्य है, लेकिन इसका विस्तार नॉलेज पार्क-5 तक होना चाहिए। सचिव अनूप कुमार सोनी का कहना है कि यह सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है।

पढ़ें  चार मंजिला भवन में फर्नीचर की दुकान में लगी आग, दमकल की दो गाड़ियों ने पाया काबू; कोई हताहत नहीं

एक्वा लाइन विस्तार को हरी झंडी

नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा पश्चिम के सेक्टर-04 (गौर चौक) तक एक्वा लाइन मेट्रो के विस्तार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। करीब 2,390 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह कॉरिडोर 8.449 किलोमीटर लंबा होगा। इस पर 5 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। परियोजना के पूरा होने से ग्रेटर नोएडा पश्चिम के लाखों निवासियों को सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment