संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रधान महाप्रबंधक (परियोजना) संदीप चंद्र ने बुधवार को वर्क सर्किल-8 के अधिकारियों के साथ ग्राम अस्तौली का दौरा कर गांव में चल रहे विकास एवं आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क, नाली, सीवर, जलापूर्ति समेत अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और ग्रामीणों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गांव में एनटीपीसी विद्युत निगम द्वारा निर्माणाधीन 900 टीपीडी टोरिफाइड चारकोल परियोजना के संबंध में भी ग्रामीणों से चर्चा की। बैठक में प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्र, वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह, पर्यावरण अभियंता आर.के. ओझा, केपीएमजी के सलाहकार तथा गांव के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ग्रामीणों के साथ बैठक के बाद अधिकारियों ने निर्माणाधीन टोरिफाइड चारकोल प्लांट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा उठाई गई चिंताओं और सुझावों को गंभीरता से सुना गया।
प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्र ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि यह प्लांट अंतरराष्ट्रीय मानकों और प्रोटोकॉल के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि परियोजना का कार्य शुरू होने की तिथि से लगभग छह माह के भीतर पूरा होने की संभावना है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्लांट में आने वाले कचरे से भरे सभी वाहन पूरी तरह ढके हुए होंगे तथा प्लांट परिसर में प्रवेश के बाद कचरे का निस्तारण एक बंद हॉल के अंदर वैज्ञानिक प्रक्रिया से किया जाएगा। इससे किसी प्रकार की दुर्गंध या हानिकारक गैसों का उत्सर्जन नहीं होगा।
बैठक में एनटीपीसी विद्युत निगम के अधिकारी तथा परियोजना से जुड़ी कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। प्राधिकरण अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरणीय सुरक्षा मानकों का भी पूरी तरह पालन किया जाएगा।
