सहारा समतल में चला ग्रेनो प्राधिकरण का बुलडोजर, 24 करोड़ की जमीन कराई कब्जामुक्त

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माण और जमीनों पर कब्जे के खिलाफ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार सुबह छपरौला स्थित सहारा समतल में प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से बनाए गए मकानों, प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों और कब्जे की नीयत से बनाई गई बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त कर दिया। करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई में लगभग तीन एकड़ जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 24 करोड़ रुपये बताई गई है।

दरअसल, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे। सुबह 6:30 बजे शुरू हुआ ध्वस्तीकरण अभियान करीब 9:30 बजे तक चला। विरोध के बावजूद प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई पूरी की।

अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण पर सख्ती

प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट किया कि सहारा समतल ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में आता है। यहां प्राधिकरण की अनुमति के बिना किसी भी तरह का निर्माण या कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।

मकान, दुकानें और बाउंड्रीवॉल जमींदोज

सोमवार सुबह प्राधिकरण की टीम जेसीबी और डंपर लेकर मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाए गए कई मकानों और प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों को ढहा दिया गया। इसके अलावा जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से बनाई गई बाउंड्रीवॉल भी तोड़ दी गई। करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को कब्जे से मुक्त कराया गया।

पढ़ें  ग्रेटर नोएडा के सभी जलाशयों की होगी सफाई, प्राधिकरण ने तिथिवार शेड्यूल किया जारी

विरोध के बीच पूरी हुई कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर विरोध भी किया, लेकिन प्राधिकरण की टीम ने अभियान जारी रखते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी की। मौके पर ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक परियोजना विजय रावल, वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक नितीश कुमार, सहायक प्रबंधक भूपेंद्र त्यागी सहित बादलपुर कोतवाली पुलिस मौजूद रही।

शाहबेरी में जर्जर मकान सील करने की तैयारी

सहारा समतल में कार्रवाई पूरी करने के बाद प्राधिकरण की परियोजना विभाग की टीम शाहबेरी पहुंची। यहां एक जर्जर मकान को सील करने की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस की मदद से जल्द ही सीलिंग की कार्रवाई पूरी की जाएगी। इस दौरान चौकी प्रभारी विपिन कुमार और पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।

जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से करें जांच

एसीईओ सुमित यादव ने लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में जमीन या प्लॉट खरीदने से पहले प्राधिकरण से उसकी वैधता और भू-उपयोग की पूरी जानकारी जरूर प्राप्त करें। अवैध कॉलोनियों और बिना अनुमति विकसित की जा रही संपत्तियों में अपनी मेहनत की कमाई निवेश करने से बचें। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment