संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र ईकोटेक-3 में सोमवार को जिले के पहले श्रमिक सुविधा केंद्र का शुभारंभ किया गया। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने केंद्र का उद्घाटन करते हुए इसे उद्योगों और श्रमिकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा केंद्र श्रमिकों और उद्यमियों के बीच सेतु का काम करेगा और दोनों की जरूरतों को एक मंच पर पूरा करेगा। इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव और इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित उपाध्याय भी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन को सौंपी गई।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-3 द्वारा इस सुविधा केंद्र का निर्माण सेक्टर ईकोटेक-3 स्थित उद्योग केंद्र-2 में पानी की टंकी के पास किया गया है। करीब 10 लाख रुपये की लागत से लगभग चार माह में इसका निर्माण पूरा हुआ।
श्रमिक सुविधा केंद्र में महिला-पुरुष कुशल कारीगरों के बैठने के लिए कमरे, शौचालय और किचन की व्यवस्था की गई है। रोजगार की तलाश में आने वाले श्रमिक यहां पंजीकरण कर सकेंगे। केंद्र में दो रजिस्टर रखे जाएंगे—एक में श्रमिकों का विवरण और दूसरे में उद्यमियों की आवश्यकताएं दर्ज होंगी, ताकि उद्योग अपनी जरूरत के अनुसार सीधे कारीगरों से संपर्क कर सकें।
विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि यदि यह प्रयोग सफल रहा तो भविष्य में अन्य औद्योगिक सेक्टरों में भी ऐसे श्रमिक सुविधा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने इस पहल के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सराहना की और श्रमिकों को शॉल व मिठाई भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में परियोजना विभाग वर्क सर्किल-3 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक प्रशांत समाधिया सहित अन्य अधिकारी और श्रमिक मौजूद रहे।
