संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा विश्वविद्यालय में शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब की ओर से वार्षिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रेस क्लब की वार्षिक पत्रिका ‘मुक्त स्वर’ का विमोचन किया गया, साथ ही रंगारंग होली मिलन समारोह ने कार्यक्रम को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को पांच अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रोफेसर डॉ. कुमार शर्मा ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। साईं अक्षरधाम विद्यापीठ के विद्यार्थियों ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर प्रभावशाली प्रस्तुति देकर समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। इसके अलावा देशभक्ति और प्रेरणादायक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में मोटिवेशनल स्पीकर अमर चौधरी की ओजस्वी प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। समापन अवसर पर राधा-कृष्ण के संग फूलों की होली ने आयोजन को यादगार बना दिया।

प्रेस क्लब अध्यक्ष नरेंद्र भाटी ने बताया कि कार्यक्रम में राष्ट्र गौरव खेल सम्मान से भारतीय वॉलीबॉल टीम की कप्तान निर्मल तंवर, शिक्षा सम्मान से शिक्षाविद् डॉ. रीना वर्मा, चिकित्सा सम्मान से डॉ. शैलेश रोजा, समाज सेवा प्रेरणा सम्मान से प्रवीण भारतीय तथा प्रेरणा सम्मान से अमर चौधरी को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

वहीं प्रेस क्लब के महासचिव नितिन शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में राजनीतिक, पुलिस, प्रशासनिक, प्राधिकरण के अधिकारीयों के साथ-साथ बड़ी संख्या में सामाजिक लोग उपस्थित रहे और सभी ने आयोजन का भरपूर आनंद लिया। यह आयोजन न केवल पत्रकारिता, बल्कि समाज, संस्कृति और प्रेरणा का एक सशक्त मंच बनकर उभरा।
