संचार नाउ। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को प्रोत्साहित करने और बच्चों को पढ़ाई के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में रूप सिंह फाउंडेशन ने सराहनीय पहल की है। फाउंडेशन की ओर से ‘मिशन शिक्षा, हर हाथ में कलम — चरण 1’ अभियान के तहत क्षेत्र के तीन सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में विशेष सम्मान समारोह आयोजित कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी प्रतिभा को पहचानना और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
दरअसल, यह कार्यक्रम प्राथमिक विद्यालय खेड़ी नंबर-1, प्राथमिक विद्यालय खेड़ी नंबर-2 और प्राथमिक विद्यालय भनौता में आयोजित किया गया। तीनों विद्यालयों के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य सभी बच्चों को भी आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। सम्मान और पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। इस पहल से विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली।

शिक्षा के साथ प्रतिभा को प्रोत्साहन
रूप सिंह फाउंडेशन की इस पहल के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई प्रतिभा होती है, जिसे सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देकर निखारा जा सकता है। आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बनें, इसके लिए समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।
विद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार
प्राथमिक विद्यालय खेड़ी नंबर-1 के प्रधानाध्यापक नज़ीर खान और विद्यालय के समस्त स्टाफ ने फाउंडेशन के संस्थापक हिमांशु टोंगर तथा अभियान में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर करने के लिए प्रेरित करते हैं।
‘हर हाथ में कलम’ का संकल्प
रूप सिंह फाउंडेशन की यह पहल साबित करती है कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में छोटे-छोटे प्रयास भी बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। ‘हर हाथ में कलम’ का संकल्प निश्चित रूप से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सार्थक कदम है।
