यूपी के बुलंदशहर में बर्थडे पर केक लगाने पर जिम में बहा खून, तीन लोगों को गोलियां से भून मौत के घाट उतारा

Sanchar Now
2 Min Read

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा कोतवाली नगर क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में 3 युवकों की मौके पर मौत हो गई. मामला इतना संवेदनशील है कि पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. डीआईजी कलानिधि नैथानी ने तुरंत कई टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार खुर्जा क्षेत्र के एक जिम में शनिवार को जीतू नामक व्यक्ति अपना जन्मदिन मना रहा था. पार्टी के दौरान जीतू का मनीष नामक युवक से केक लगाने को लेकर छोटा सा विवाद हो गया. विवाद बढ़ते ही जीतू ने गुस्से में आकर मनीष, उसके चचेरे भाई अमरदीप और भतीजे आकाश पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. फायरिंग में तीनों युवकों के सिर में कई-कई गोलियां लगीं.

पुलिस मामले की कर रही है जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया. जहां तीनों  को मृत घोषित कर दिया गया. वहीं सूचना मिलते ही एसएसपी, डीआईजी समेत मेरठ रेंज के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए. पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

मिली जानकारी व सूत्रों के मुताबिक आरोपी जीतू समाजवादी पार्टी (सपा) का पूर्व नगर अध्यक्ष रह चुका है. जबकि मारे गए तीनों युवक — मनीष, अमरदीप और आकाश भाजपा से जुड़े बताए जा रहे हैं. हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में राजनीतिक एंगल की पुष्टि नहीं की है. प्रारंभिक जांच में केवल पार्टी में हुए केक लगाने के विवाद को ही मुख्य वजह बताया जा रहा है.

पढ़ें  आजम खान, पत्नी तंजीम और बेटे अब्दुल्ला को 7-7 साल की सजा, दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में रामपुर कोर्ट का फैसला

घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है. आरोपी जीतू फरार है. उसकी तलाश में छापेमारी चल रही है. पुलिस सभी पहलुओं- पुरानी दुश्मनी, राजनीतिक रंग और मौके पर हुए विवाद को लेकर जांच कर रही है. वहीं इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. स्थानीय लोगों में आक्रोश है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment