गाजीपुर में सिरफिरे आशिक की करतूत, दूल्हे के सामने दुल्हन की भरी मांग, जानें- फिर क्या हुआ?

Sanchar Now
3 Min Read

गाजीपुर: भवरहा गांव में मंगलवार की रात्रि सिरफिरे प्रेमी ने जयमाल स्टेज पर बैठी दुल्हन की मांग में आशीर्वाद की रस्म के दौरान मुट्ठी भर सिंदूर डाल दिया। अचानक हुईं इस घटना से शादी कार्यक्रम में हड़कंप मच गया।

सिरफिरे आशिक भवरहा गांव निवासी रामशीष राम ऐसी हरकत के बाद घराती पक्ष के लोगों ने जमकर पीटा, जिससे वह लहूलुहान अवस्था में अचेत हो गया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची बिरनो पुलिस ने आशिक को बिरनो थाने ले गई। इधर दुल्हा पक्ष के लोगों ने शादी से इन्कार कर दिया। रात भर हुई पंचायत के बाद भी कोई हल नहीं निकला। बुधवार की सुबह बरात बिना शादी के ही वापस हो गई।

मरदह थाना के करुई धनेशपुर गांव के रंजीत राम की बरात मंगलवार की रात भवरहा गांव में आई थी। बराती जलपान नाश्ता कर रहे थे। इस दौरान जयमाल स्टेज पर दूल्हे-दुल्हन ने एक दूसरे को जयमाला पहनाया। घराती-बराती दोनों पक्ष के लोग स्टेज पर जाकर आशीर्वाद दे रहे थे। स्टेज के पास काफी देर से चक्कर लगा रहा सिरफिरा आशिक मौका देखकर मुट्ठी भर सिंदूर लेकर स्टेज पर चढ़ गया और वहां बैठी दुल्हन की मांग भर दी।

इस हरकत से मौके पर हड़कंप मच गया। डीजे पर थिरकते हुए युवा, बरात के खाने-पीने से लेकर मिष्ठान की व्यवस्था में लगे हुए लोग और मंगलगीत गा रहीं महिलाएं सभी अवाक होकर स्टेज के पास पहुंच गई। हो-हल्ला, मारपीट व चीख-पुकार के बीच शादी का माहौल गमगीन हो गया। पिटाई से अचेत पड़े सिरफिरे आशिक को हिरासत में लेकर बिरनो पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर उपचार कराया।

पढ़ें  कंपनी ने दिवाली पर दिया कम बोनस, आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कर्मचारियों ने खोल दिए टोल के गेट… गुजर गईं हजारों गाड़ियां

बरात लेकर आया दूल्हा पक्ष इस वाकये के बाद भड़क गया और शादी करने से मना कर दिया। शादी को लेकर गतिरोध एवं असमंजस की स्थिति में दोनों पक्ष के बुद्धिजीवी समझा-बुझाकर कर किसी प्रकार से शादी संपन्न कराने के प्रयास में भोर तक लगे रहे, लेकिन अंततः वर पक्ष शादी के लिए तैयार नहीं हुआ। देर तक चली पंचायत के बाद दोनों पक्ष के बीच लड़की पक्ष का खर्च वापस करने की बात तय हुई। इसके बाद बिन शादी और बिना भोजन किए बराती पक्ष बैरंग घर लौट गया।

लोगों ने बताया कि आरोपित सिरफिरा युवक कुछ माह पूर्व भी उक्त लड़की को परेशान करने की हरकत कर चुका है, तब लड़की पक्ष की शिकायत पर बिरनो पुलिस ने हिरासत में लेकर बैठाया था। इस घटना के बाद दुल्हन पक्ष बिरनो थाने पहुंचा और आरोपी सिरफिरे के खिलाफ तहरीर दी। इस सिरफिरे की हरकत से गांव में तनाव बना हुआ है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा की जा रही है।

थानाध्यक्ष राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि लड़की की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित रामाशीष राम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment