नोएडा में 3500 रजिस्ट्री कर 3035 करोड़ का हुआ गलत लेन-देन, आयकर की जांच में कमियां उजागर

Sanchar Now
4 Min Read

कानपुर और कानपुर देहात के बाद अब नोएडा के रजिस्ट्री सिस्टम में भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का मामला सामने आया है. शुक्रवार को आयकर विभाग की टीम अचानक नोएडा के सब-रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंच गई और रजिस्ट्री से जुड़े रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी. इस औचक कार्रवाई से कार्यालय में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और एजेंटों के होश उड़ गए. जांच के शुरुआती चरण में ही करीब 3,035 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन की बात सामने आई है. इतने बड़े स्तर पर हुए लेनदेन को लेकर आयकर विभाग ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह आयकर विभाग की टीम नोएडा स्थित रजिस्ट्री कार्यालय पहुंची. टीम ने वहां मौजूद डिजिटल डेटा, भौतिक दस्तावेजों और पुराने रिकॉर्ड को खंगाला. जांच के दौरान कई संपत्तियों की रजिस्ट्री में गंभीर खामियां पाई गईं.

दस्तावेजों में मिलीं भारी खामियां

अधिकारियों के मुताबिक, कई दस्तावेजों में अमान्य, अधूरे या गलत पैन (PAN) नंबर दर्ज पाए गए. कुछ मामलों में तो पैन नंबर दर्ज ही नहीं किए गए थे, जबकि इतने बड़े वित्तीय लेनदेन में पैन नंबर अनिवार्य होता है. अधिकारियों को आशंका है कि इन गड़बड़ियों के जरिए बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की गई है. कई घंटों तक चली जांच के दौरान जब विभाग की टीम ने वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की, तो वे कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए. अब सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि आखिर इतने सालों से इन वित्तीय लेनदेन की ठीक से जांच क्यों नहीं की गई?

जांच टीम में शामिल रहे ये अधिकारी

पढ़ें  नोएडा पुलिस की 2 जगहों पर बदमाशों से मुठभेड़; एक को लगी गोली, 4 दबोचे

इस कार्रवाई के लिए आयकर विभाग की एक विशेष टीम गठित की गई थी. टीम में संयुक्त निदेशक डॉ. विजय सिंह, आयकर अधिकारी सुधीर कुमार, निरीक्षक आनंद कुमार, निरीक्षक तेज बहादुर मिश्रा और स्टाफ सदस्य मनीष कुमार शामिल रहे. इन अधिकारियों ने डिजिटल रिकॉर्ड और रजिस्ट्री दस्तावेजों की गहन जांच कर कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं.

सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग ने पहले भी रजिस्ट्री कार्यालय को रिकॉर्ड सुधारने और दोषपूर्ण पैन नंबरों को ठीक करने के लिए कई बार नोटिस जारी किया था, लेकिन इसके बावजूद कोई सुधार नहीं किया गया. विभाग इसे गंभीर लापरवाही मान रहा है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में गड़बड़ियों की पुष्टि होती है, तो संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और दस्तावेज तैयार करने वाले एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

प्रदेश भर में मचा हड़कंप

कानपुर के बाद नोएडा रजिस्ट्री कार्यालय में इस तरह की गड़बड़ी मिलने से पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया है. अधिकारियों का कहना है कि टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं. यह मामला प्रदेश स्तर पर चल रही एक बड़ी जांच का हिस्सा है. आयकर विभाग अब जिले के अन्य सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों के रिकॉर्ड की भी जांच कर सकता है. अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से संपत्ति लेनदेन के वास्तविक आंकड़े सामने आएंगे और टैक्स चोरी पर अंकुश लगाया जा सकेगा.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment