पिथौरागढ़: डॉ. लीलाधर भट्ट सीमांत नेत्र चिकित्सालय में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण

Sanchar Now
2 Min Read

पिथौरागढ़। सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित डॉ. लीलाधर भट्ट सीमांत नेत्र चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, ऑप्टिकल बायोमीटर मशीन और आदि कैलाश क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं एवं आपदा राहत के लिए 4×4 वाहन की सुविधा शुरू की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने इन सुविधाओं का लोकार्पण किया।

आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर से नेत्र सर्जरी और संक्रमण नियंत्रण की बेहतर व्यवस्था हो सकेगी। वहीं, ऑप्टिकल बायोमीटर मशीन मोतियाबिंद की सर्जरी से पहले आंख की सटीक माप लेने और मरीज के लिए उपयुक्त कृत्रिम लेंस के चयन में मदद करेगी। इससे सीमांत क्षेत्र के मरीजों को बेहतर नेत्र उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत कम होगी।

आदि कैलाश क्षेत्र के लिए उपलब्ध कराया गया 4×4 वाहन दुर्गम इलाकों में स्थानीय लोगों, तीर्थयात्रियों और सुरक्षा कर्मियों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में भी उपयोगी होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चिकित्सक डॉ. आदित्य अग्रवाल को सम्मानित किया। दिल्ली से पिथौरागढ़ आकर पिछले तीन वर्षों से सेवाएं दे रहे डॉ. अग्रवाल के नेतृत्व में 500 से अधिक निःशुल्क नेत्र शिविर लगाए जाने, 10 हजार से अधिक सर्जरी और एक लाख से अधिक मरीजों की जांच किए जाने की जानकारी दी गई।

सीमांत सेवा फाउंडेशन की ओर से पिथौरागढ़ में नेत्र चिकित्सालय, हल्द्वानी के लामाचौड़ में पॉलीक्लिनिक, मोबाइल मेडिकल यूनिट और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं।
मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से पिथौरागढ़ के 104 दूरस्थ गांवों में मरीजों की जांच, दवाओं का वितरण और जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफरल सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। फाउंडेशन बनबसा स्थित सीमांत पब्लिक स्कूल के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में भी कार्य कर रहा है।

पढ़ें  भाजपा को जल्द मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, देखिए दावेदारों की लिस्ट में किस-किस का नाम शामिल...

कार्यक्रम में पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल, फाउंडेशन के सचिव डॉ. सिद्धार्थ पटनी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक पूरन जोशी, वरिष्ठ स्वयंसेवक धर्म सिंह रावत सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment