स्कूलों को धमकी देने वाला अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह पकड़ा, 3 विदेशी समेत 6 गिरफ्तार

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल भेजने और अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क चलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ ने तीन नेपाली नागरिकों सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी गाजियाबाद के इंदिरापुरम और शाहबेरी क्षेत्र में कॉल सेंटर की आड़ में अवैध ऑनलाइन बेटिंग और साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित कर रहे थे।

 मास्टरमाइंड नेपाल का निवासी

एसटीएफ के अनुसार, इस गैंग का मास्टरमाइंड अमीष जंग कारकी है, जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है। उसने वर्ष 2019-20 में ऑस्ट्रेलिया से बीबीए किया है। अन्य आरोपी लेखनाथ शर्मा और केदारनाथ भी नेपाल के निवासी हैं। इनके साथ अनंत कुमार, दिव्याशु और साहिल कुमार मिलकर इस नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। जांच में सामने आया है कि गिरोह पढ़े-लिखे युवाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से जोड़ता था और उन्हें साइबर ठगी व ऑनलाइन सट्टेबाजी की ट्रेनिंग देता था।

 स्कूलों को भेजे गए थे धमकी भरे ई-मेल

एडिशनल एसपी एसटीएफ नोएडा राजकुमार मिश्र ने बताया कि 23 जनवरी को गौतम बुद्ध नगर के कई स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए थे। जांच के दौरान जिन ई-मेल आईडी से धमकी भेजी गई थी, उसका ‘रिकवरी ईमेल’ आरोपियों के मोबाइल फोन में लॉगिन मिला। इसी साक्ष्य के आधार पर एसटीएफ ने शुक्रवार को सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।

 विदेशी कनेक्शन और बैंक लेनदेन की जांच

एसटीएफ अब गिरोह के विदेशी कनेक्शन, बैंक ट्रांजैक्शन और फंडिंग नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। आशंका है कि यह नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैला हुआ है। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराध और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। जांच एजेंसियां अब यह भी खंगाल रही हैं कि इस गिरोह का संबंध अन्य राज्यों या देशों में सक्रिय नेटवर्क से तो नहीं है।

पढ़ें  ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण नियंत्रण करने के लिए प्राधिकरण ने तेज की मुहिम
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment