संचार नाउ। प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर सपनों को हकीकत में बदला जा सकता है। इसका शानदार उदाहरण दनकौर क्षेत्र के गांव जुनेदपुर निवासी 15 वर्षीय युवा फुटबॉल खिलाड़ी समर नागर ने पेश किया है। इंडियन फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में गुरुग्राम के कॉन्शिएंट स्पोर्ट्स एरेना में आयोजित दिल्ली यूथ लीग (DPDL) अंडर-16 के फाइनल मुकाबले में बीबीएफएस वाइकिंग्स नोएडा ने एमआर फुटबॉल क्लब, हरियाणा को 2-1 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
इस रोमांचक मुकाबले में समर नागर ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एक शानदार गोल दागा और दूसरे गोल में महत्वपूर्ण असिस्ट देकर टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। उनकी इसी शानदार खेल भावना और नेतृत्व क्षमता ने टीम को प्रतिष्ठित ट्रॉफी तक पहुंचाया।
समर की उपलब्धि केवल फाइनल तक सीमित नहीं रही। सेमीफाइनल मुकाबले में भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया था। यह सम्मान उनकी निरंतर मेहनत और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

टीम के मुख्य कोच जतिन सिंह ने समर की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी लगन, अनुशासन और खेल के प्रति जुनून उन्हें भविष्य में और ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि समर के उज्ज्वल भविष्य की केवल शुरुआत है और वह आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।
समर नागर पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। उनकी यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है, जो यह संदेश देती है कि मेहनत और समर्पण से कोई भी सपना हासिल किया जा सकता है।
