लखनऊ। औद्योगिक निवेश बढ़ाने को लेकर पांच जिलों में जल्द एलओसी जारी करने की तैयारी है। इस संदर्भ में औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ की अध्यक्षता में ‘इन्वेस्ट यूपी’ कार्यालय में हुई बैठक में विभिन्न निवेश प्रस्तावों पर ‘लेटर ऑफ कम्फर्ट’ (एलओसी) जारी करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
बैठक में जिन प्रमुख जिलों में निवेश प्रस्तावों को को लेकर एलओसी जारी करने का निर्णय लिया गया है उनमें बरेली, फिरोजाबाद, वाराणसी, गौतम बुद्ध नगर और कानपुर देहात शामिल हैं।
प्रस्तावित निवेश में स्टील एवं आयरन कास्टिंग, मेडिकल डिवाइस, पीईटी प्रीफॉर्म, कैप्स एवं क्लोजर्स, ईवी और बीईएसएस चार्जर्स, इलेक्ट्रिकल एनक्लोजर और सोलर स्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में विनिर्माण इकाइयों की स्थापना शामिल है।
साथ ही, इन परियोजनाओं को राज्य सरकार की औद्योगिक नीतियों के तहत कैपिटल सब्सिडी और नेट एसजीएसटी प्रतिपूर्ति जैसी प्रोत्साहन सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निवेश प्रस्तावों का त्वरित और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
