प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज शहर में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब कोतवाली थाना क्षेत्र के साउथ मलाका स्थित हिवेट रोड के एक मकान से एक ही परिवार के तीन लोगों के शव बरामद हुए। मृतकों में एक वृद्ध कारोबारी, उनकी पत्नी और अविवाहित बेटी शामिल हैं। तीनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं परिवार का इकलौता बेटा पिछले तीन-चार दिनों से लापता बताया जा रहा है, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया है। वहीं घटनास्थल पर पुलिस को ग्राउंड फ्लोर की बंद दुकान से एक डेड बॉडी और मिली है जिसकी शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है।
दुर्गंध आने पर खुला मौत का राज
मंगलवार दोपहर स्थानीय लोगों को मकान की ऊपरी मंजिल से तेज दुर्गंध आने लगी। पड़ोसियों और दुकानदारों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि ऊपरी मंजिल तक जाने वाले लोहे के दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था। ताला तोड़कर जब पुलिस अंदर पहुंची तो अलग-अलग कमरों में तीन शव पड़े मिले। यह दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए।
कारोबारी, पत्नी और बेटी की मौत
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 70 वर्षीय व्यवसायी वीरेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी अंकिता वैश्य और 45 वर्षीय अविवाहित बेटी मीनाक्षी वैश्य के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि वीरेंद्र वैश्य ने अपने मकान के निचले हिस्से में मार्केट बनवा रखी थी, जहां 13 दुकानें किराए पर दी गई थीं। उनकी बेटी मीनाक्षी एक गिफ्ट सेंटर संचालित करती थीं और वीरेंद्र भी अक्सर उसी दुकान पर बैठते थे।
सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में तीनों शवों के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। इसी कारण पुलिस हत्या की आशंका को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार, एडिशनल पुलिस कमिश्नर अजय पाल शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
लापता बेटे पर टिकी जांच
पड़ोसियों के अनुसार मृतक वीरेंद्र वैश्य का इकलौता बेटा अभिषेक वैश्य पिछले तीन-चार दिनों से दिखाई नहीं दिया है। अभिषेक फ्लोर क्लीनिंग के व्यवसाय से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस अब अभिषेक की तलाश में जुटी है और उसकी भूमिका समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही हैं।
अज्ञात शव भी बरामद
वहीं घर से परिवार के तीन शव मिलने के बाद पुलिस को घटनास्थल से ग्राउंड फ्लोर की बंद दुकान से एक डेड बॉडी और मिली है जिसकी शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस शिनाख्त में जुटी है।
संपत्ति विवाद समेत सभी एंगल पर जांच
पुलिस संपत्ति विवाद, पारिवारिक संबंधों और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि बंद कमरे से तीन शव बरामद हुए हैं, जिन पर चोट के निशान पाए गए हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। लापता बेटे अभिषेक वैश्य के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
