संचार नाउ। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और उत्तर भारत की कनेक्टिविटी को नई दिशा देने वाला नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) 15 जून 2026 से व्यावसायिक उड़ानों के लिए पूरी तरह तैयार है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि इसी दिन से यहां से कमर्शियल फ्लाइट्स का संचालन शुरू हो जाएगा। पहली उड़ान इंडिगो द्वारा संचालित की जाएगी, जिसके बाद अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं शुरू करेंगी।
एयरपोर्ट को ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) से एयरोड्रोम सिक्योरिटी प्रोग्राम (ASP) की मंजूरी मिल चुकी है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि यहां सुरक्षा और संचालन के सभी मानक अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैं। शुरुआती चरण में यह एयरपोर्ट सालाना करीब 1.2 करोड़ यात्रियों को सेवा देगा, जबकि भविष्य में इसकी क्षमता को बढ़ाकर 7 करोड़ यात्रियों तक करने की योजना तैयार की गई है।

जेवर स्थित यह एयरपोर्ट आधुनिक टर्मिनल सुविधाओं और बेहतरीन मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी से लैस होगा, जिससे यात्रियों को बेहतर और तेज़ यात्रा अनुभव मिलेगा। ‘नेट जीरो एमिशन’ के लक्ष्य के साथ विकसित यह एयरपोर्ट पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) द्वारा विकसित इस परियोजना से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आर्थिक विकास, पर्यटन, व्यापार और निवेश को नई गति मिलने की उम्मीद है। एयरपोर्ट के शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
