नोएडा: दिल्ली से सटे नोएडा में सोमवार को वेतनवृद्धि और अन्य मांगों को लेकर श्रमिकों का गुस्सा फूट पड़ा और सड़कों पर श्रमिकों ने प्रदर्शन करते हुए तोड़फोड़ की। साथ ही गाड़ियों में आग लगा दी। नोएडा सेक्टर-62 से लेकर सेक्टर-82 तक श्रमिक सड़कों पर उतर आए और जोरदार प्रदर्शन करने लगे। इससे जाम की स्थिति बन गई। पुलिस को स्थिति नियंत्रण करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए नोएडा में पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
सोमवार को श्रमिकों के उग्र हुए विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट ने पुलिसकर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी हैं। निर्देश दिए गए हैं कि जो भी पुलिसकर्मी छुट्टी पर हैं, वह तत्काल 24 घंटे के भीतर वापस ड्यूटी जॉइन करें।
नोएडा में कई जगहों पर आगजनी की गई
नोएडा में श्रमिकों के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए चिल्ला बॉर्डर की ओर जाने वाला यातायात डीएनडी टोल की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। नोएडा सेक्टर-84 में कई जगहों पर आगजनी की गई। नोएडा में श्रमिकों के विरोध-प्रदर्शन पर यूपी डीजीपी राजीव कृष्ण और एडीजी ला एंड ऑर्डर अमिताश यश कंट्रोल रूम से नजर रख रहे हैं।
अफवाह फैलाने पर मुकदमा दर्ज
एक ओर जहां नोएडा में श्रमिकों का विरोध-प्रदर्शन जारी है तो वहीं दूसरी ओर अफवाहों का दौर भी शुरू हो गया है। इन अफवाहों को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले दो हैंडल्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बुलंदशहर में भी वेतनवृद्धि को लेकर विरोध-प्रदर्शन
नोएडा में प्रदर्शन के बीच बुलंदशहर के सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित ट्रैग ट्रॉपिकल एग्रोसिस्टम (इंडिया) कंपनी के कर्मचारियों ने कम वेतन और सुविधाओं की कमी को लेकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया।
