संचार नाउ। नोएडा के प्रतिष्ठित शिव नादर स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। स्कूल प्रशासन को यह धमकी ई-मेल के माध्यम से प्राप्त हुई, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और स्कूल परिसर की सघन जांच शुरू कर दी गई। इसके साथ ही स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों को भी मैसेज करते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचा दिया है।
ई-मेल के जरिए दी गई धमकी
बताया जा रहा है कि स्कूल को भेजे गए ई-मेल में बम विस्फोट की धमकी दी गई थी। धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कोई जोखिम नहीं लिया और तत्काल एहतियाती कदम उठाए।
पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड तैनात
धमकी मिलने के बाद नोएडा पुलिस, बॉम्ब स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, फायर ब्रिगेड और BDDS टीम स्कूल परिसर में पहुंची। पूरे परिसर को घेराबंदी कर बारीकी से चेक किया जा रहा है। अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है।
बच्चों को सुरक्षित घर भेजा गया
सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल प्रशासन ने बच्चों को स्कूल बसों के माध्यम से घर भेजने का फैसला लिया। स्कूल की प्रिंसिपल अंजू सोनी ने अभिभावकों से संयम बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बस स्टाफ को भी सतर्क रहने और लगातार संपर्क में रहने के निर्देश दिए हैं।
देश के कई शहरों में एक साथ धमकियां
गौरतलब है कि इसी तरह की धमकी भरे ई-मेल अहमदाबाद समेत देश के कई शहरों के निजी स्कूलों को भी भेजे गए हैं। इसे एक संभावित साइबर थ्रेट या अफवाह फैलाने की साजिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
साइबर टीम कर रही तकनीकी जांच
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट की मीडिया सेल के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल की साइबर टीम द्वारा तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ई-मेल कहां से और किसने भेजा।
पुलिस का बयान: स्थिति पूरी तरह सामान्य
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
