‘दिल्ली की परिक्रमा छोड़ क्षेत्र में उतरें पदाधिकारी’, भाजपा अध्यक्ष बोले- हर माह की रिपोर्ट जांचेगा संगठन

Sanchar Now
6 Min Read

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपने पहले दो दिवसीय राजनीतिक यात्रा पर शनिवार को लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट से सीधे पार्टी कार्यालय पहुंचे और प्रदेश संगठन की नई टीम के सभी पदाधिकारियों, जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों के साथ पहली परिचयात्मक बैठक की। इसमें उन्होंने बहुत ही साफगोई के साथ पदाधिकारियों को 2027 में तीसरी बड़ी जीत का मंत्र देते हुए पदाधिकारियों को कागजी नहीं, जमीन पर उतरकर काम करने की नसीहत दी। नबीन ने जिला प्रभारी बनाए गए पदाधिकारियों को भी दो टूक शब्दों में कहा कि अगर प्रभारी अपने प्रभार वाले जिलों में प्रवास करने या चुनाव की तैयारियों से जुड़े कार्यों में काम करने में खुद को असमर्थ पा रहे हों तो अभी से जिम्मेदारी छोड़ दें। चुनाव प्रबंधन का काम प्रभावित न हो।

पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में प्रदेश संगठन के सभी मोर्चों और फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 2027 में होने वाले चुनाव से पहले हर गांव, हर बूथ तक पहुंचने का प्रयास करें। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता हर गांव में डेरा डालेंगे तो चुनाव जीतना तय है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने बेहतर काम किया है। इसलिए 2027 के चुनाव के लिए माहौल अच्छा है और एनडीए की जीत भी पक्की है। यह मानकर हमें शिथिलता नहीं बरतनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि हमें जनता के दिल में स्थान बनाने के लिए उनके बीच रहकर काम करना होगा।

पढ़ें  UP में 5 IAS अधिकारियों का तबादला, ACS वित्त से हटाए गए प्रशांत द्विवेदी, कानपुर के कमिश्नर का भी ट्रांसफर

हर महीने दें बैठकों की रिपोर्ट

पदाधिकारियों से शिथिलता दूर करने की अपील करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी द्वारा निर्धारित बैठकें नियमित रूप से करते रहें। उन्होंने कहा कि महीन के पहले सप्ताह में मंडल, दूसरे सप्ताह में जिले और महीने में एक बार प्रदेश स्तरीय बैठकें जरूर करें। इन बैठकों में विभिन्न मोर्चें भी शामिल रहें। उन्होंने कहा कि सभी बैठकों और प्रवास सहित महीने की हर गतिविधि की रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश महामंत्री संगठन को अनिवार्य से रूप से उपलब्ध कराएं। मन की बात कार्यक्रम से पहले हर सेक्टर की बैठक अनिवार्य रूप से हो। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि हर महीने के अंतिम रविवार को ‘मन की बात’ का कार्यक्रम होता है। उस दिन इस कार्यक्रम के बाद वहीं पर बूथ की बैठक जरूर करें। मन की बात वाले रविवार से पहले के रविवार को शक्ति केंद्र की बैठक करिए। जिले के 100 प्रतिशत बूथों पर मन की बात का प्रसारण होना चाहिए

सरकार की योजनाओं का करें प्रचार

उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म का सकारात्मक उपयोग करें। सिर्फ अपनी फोटो न डालें। रोजाना प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार की कम से कम दो योजनाओं की विडियो या उसके बारे में जानकारी शेयर करें। हर वोटर तक डबल इंजन सरकार की योजनाओं और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचाना होगा।

सोशल मीडिया पर न डाले नकारात्मक पोस्ट

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के ग्लैमर न फंसने की सलाह देते हुए साफ संदेश भी दिया कि पार्टी के पदाधिकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पार्टी या पार्टी के नेताओं के खिलाफ कोई नकारात्मक टिप्पणी न करें। उनकी कोई शिकायत है तो सीधे संबंधित नेता या मंत्री मिलकर अपनी बात रखें। ऐसा करने पर अनुशासनहीनता माना जाएगा और सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि दूसरे दलों से जो नेता आए हैं, उनका भी सम्मान करें। उनके खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणी न करें।

पढ़ें  बिजली विभाग का तार लूटकर भाग रहे थे चोर, पुलिस जीप कर रही थी पीछा; तभी हुआ कुछ ऐसा खुद पुलिस को करनी पड़ी मदद

सपा-कांग्रेस को दें आक्रामक जवाब

नवीन ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने हर क्षेत्र में कीर्तिमान बनाया है। मोदी-योगी की जोड़ी ने यूपी को उत्तम प्रदेश बनाया है। सपा-कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वे जनता का ध्यान भटकाने के लिए नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। हमें विपक्ष के झांसे में नहीं आना है। हमें यूपी के विकास के लिए काम करना है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि विपक्ष के अनर्गल आरोपों का सोशल मीडिया पर आक्रामक ढंग से जवाब दें।

सीएम ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सरकार की उपलब्धियों की चर्चा की। उन्होंने भी पदाधिकारियों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इससे पहले सीएम और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एयरपोर्ट पर दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या और ब्रजेश पाठक और पूरे मंत्रिमंडल के साथ स्वागत किया। इसके बाद सीएम अध्यक्ष को लेकर पार्टी कार्यालय पहुंचे। इस मौके पर राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने भी चुनाव में संगठन की जिम्मेदारियां बताते हुए पदाधिकारियों जमीनी स्तर पर मजबूत संगठन तैयार करने की सलाह दी।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment