अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश की नारी शक्ति को सीएम योगी ने लिखी पाती, जहां बेटियां सुरक्षित और सम्मानित होती हैं, वहां समाज करता है प्रगति

Sanchar Now
4 Min Read

लखनऊ: पूरे विश्व में आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं के लिए एक पत्र लिखा है। सीएम योगी की पाती में उन्होंने प्रदेश की नारी शक्ति को याद करते हुए कहा है कि सशक्त समाज के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके अलावा सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि 2017 से पहले महिलाओं के साथ अपराध आम बात थी, लेकिन आज प्रदेश में बेटियां सुरक्षित हैं। यह स्पष्ट नीति और साफ नीयत से संभव हुआ है।

अब नाइट शिफ्ट में भी काम कर रहीं बेटियां

सीएम योगी ने लिखा है, “सशक्त समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। सरकार आधी आबादी की सुरक्षा, गरिमा एवं आत्मनिर्भरता के प्रति दृढ़-संकल्पित है। याद करिए, 2017 से पहले शाम होते ही घर से बाहर निकलने में बेटियां घबराती थीं। स्कूल-कॉलेज तक जाने में डर लगता था। महिलाओं के साथ अपराध आम बात थी, लेकिन आज बेटियां रात की पाली में भी काम कर रही हैं। यह संभव हुआ है स्पष्ट नीति और साफ़ नीयत से। मिशन शक्ति और एंटी रोमियो जैसे अभियानों ने बेटियों के विरुद्ध अपराध करने वालों के मन में डर पैदा किया है। जहां बेटियां सुरक्षित और सम्मानित होती हैं, वहां समाज सतत प्रगति करता है।”

बेटियों के पग-पग पर साथ है सरकार

आगे उन्होंने महिलाओं के लिए सरकार के द्वारा किए गए महत्वपूर्ण प्रयासों का जिक्र करते हुए लिखा, “मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना बेटियों के जन्म से शिक्षा तक पग-पग पर साथ है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से गरीब परिवारों के लिए आत्मसम्मान के साथ बेटियों का विवाह संभव हुआ है। पुष्टाहार योजना के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को बेहतर पोषण देकर आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य में उत्साहवर्धक परिवर्तन सुनिश्चित किया गया है। निराश्रित महिलाओं की पेंशन राशि ₹1,000 से बढ़ाकर ₹1,500 की गई है। सरकार के इन्हीं प्रयासों का सुफल है कि आज छात्राओं के ड्रॉपआउट रेट में भारी कमी आई है। मातृ मृत्युदर एवं शिशु मृत्युदर में अभूतपूर्व गिरावट आई है। शिक्षा से रोज़गार तक बेटियों को समान अवसर मिल रहे हैं।”

पढ़ें  यूपी पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच इन 2 पीसीएस अफसरों को मिली राज्य निर्वाचन आयोग में तैनाती

नारी शक्ति रच रही नया अध्याय

सीएम योगी ने नारी शक्ति का जिक्र करते हुए लिखा, “यूपी की नारी शक्ति आज स्वावलंबन का नया अध्याय रच रही है। स्टार्टअप से उद्यमी क्रेडिट कार्ड तक हर ओर उद्यमिता के अवसर हैं। प्रदेश के सभी विकास खंडों तक स्वयं सहायता समूहों का विस्तार हुआ है। लगभग 40 हजार बीसी सखियां आत्मविश्वास के साथ हजारों करोड़ के वित्तीय लेनदेन कर रही हैं। लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, स्वास्थ्य सखी, सूर्य सखी न केवल अपने परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त कर रही हैं, अपितु प्रदेश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान भी दे रही हैं। नारी का सम्मान समस्त समाज के लिए सर्वोपरि होना चाहिए। स्मरण रहे – जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी अर्थात मां एवं मातृभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर हैं।”

सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं

आखिरी में सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए लिखा, “प्रदेश की सम्मानित बेटियों, आपको न किसी से डरने की आवश्यकता है, न छोटे सपने देखने हैं। सरकार की विभिन्न योजनाएं आपके सपनों की उड़ान को पंख दे रही हैं। आप विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य में केवल सहभागिता तक सीमित न रहें, अपितु अग्रणी भूमिका निभाएं। सभी प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हृदय से शुभकामनाएं।”

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment