संचार नाउ। महान दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर 29 जून को उत्तर प्रदेश सरकार ने तृतीय व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया। वर्ष 2024 से इस दिन को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। राज्य कर विभाग और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में लखनऊ के विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के उत्कृष्ट करदाताओं, उद्यमियों और व्यापारी नेताओं को सम्मानित किया गया।
दरअसल, कार्यक्रम में प्रदेश के सबसे बड़े करदाता इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन सहित लखनऊ जनपद के दस प्रमुख करदाताओं को प्रतीक चिह्न, सम्मान पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। राज्य कर विभाग ने लखनऊ जनपद में 0 से 1.5 करोड़, 1.5 से 5 करोड़, 5 से 50 करोड़, 50 से 100 करोड़ तथा 100 करोड़ रुपये से अधिक टर्नओवर वाली प्रत्येक श्रेणी में सर्वाधिक कर जमा करने वाले दो-दो व्यापारियों को सम्मानित किया। सम्मान के चयन में एमएसएमई और महिला उद्यमियों को विशेष प्राथमिकता दी गई।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, विधायक अमरेश कुमार, ओ.पी. श्रीवास्तव और जयदेव ने सम्मानित व्यापारियों को सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों अमरनाथ मिश्रा, संदीप बंसल, सुधीर हलवासिया और संजय गुप्ता सहित लखनऊ के विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव राज्य कर कामिनी चौहान रतन और आयुक्त राज्य कर डॉ. नितिन बंसल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन की जिम्मेदारी लखनऊ जोन-1 के एडिशनल कमिश्नर सर्वजीत, एडिशनल कमिश्नर (एसआईबी) मनोज कुमार विश्वकर्मा, लखनऊ जोन-2 के एडिशनल कमिश्नर राम प्रकाश पांडेय और एडिशनल कमिश्नर (एसआईबी) अमरेश त्रिपाठी सहित राज्य कर विभाग की टीम ने निभाई।
कार्यक्रम का उद्देश्य ईमानदारी से कर भुगतान करने वाले व्यापारियों को सम्मानित करना, कर अनुपालन को प्रोत्साहित करना और सरकार व व्यापार जगत के बीच विश्वास तथा सहयोग को और अधिक मजबूत बनाना रहा।
