श्रावस्ती : एआईएमआईएम (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने श्रावस्ती का दौरा करके सियासी समीकरणों में उलटफेर का संकेत दिया है. ओवैसी ने जनसभा के दौरान भिनगा विधानसभा क्षेत्र से हाजी दद्दन खां को प्रत्याशी घोषित किया है. दद्दन खां हाल ही में बहुजन समाज पार्टी छोड़कर एआईएमआईएम में शामिल हुए हैं. इस दौरान ओवैसी ने भाजपा सरकार के साथ ही समाजवादी पार्टी पर तीखे राजनीतिक हमले किए.
ओवैसी ने कहा कि भाजपा सरकार मदरसों और कब्रिस्तानों को लेकर विध्वंसक नीतियां अपना रही है. अब किसी भी हाल में भाजपा सरकार को रोकना है. ओवैसी ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर भी हमला बोला. कहा, सपा-भाजपा के बीच राजनीतिक नूरा-कुश्ती चल रही है. दोनों दल एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करके राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं.
ओवैसी ने सपा को ‘चाइना का माल’ बताते हुए कहा कि ऐसा माल ज्यादा दिन नहीं चलता. जब मदरसों और मस्जिदों को तोड़ा जा रहा था, तब समाजवादी पार्टी के नेता कहां थे. हालांकि ओवैसी ने दावा किया कि भाजपा को रोकने के लिए इंडिया गठबंधन के साथ हाथ मिलाने को वह तैयार हैं.
ओवैसी ने श्रावस्ती में गरीबी, बिजली और विकास के मुद्दे भी उठाए. उन्होंने जिले में बड़ी आबादी के गरीब होने का दावा करते हुए प्रदेश सरकार को बिजली व्यवस्था को लेकर घेरा. ओवैसी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सत्ता गलत हाथों में है.
भिनगा में नए राजनीतिक समीकरण : भिनगा विधानसभा क्षेत्र संख्या 289 में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की इंद्राणी देवी विजयी हुई थीं. चुनाव में सपा प्रत्याशी को 1,03,661 वोट और भाजपा प्रत्याशी को 90,087 वोट मिले थे. एआईएमआईएम प्रत्याशी आसिया को 4,073 वोट मिले थे. अब हाजी दद्दन खां के एआईएमआईएम का प्रत्याशी घोषित होने के बाद सपा, भाजपा और अन्य दलों के सामने नई राजनीतिक चुनौती खड़ी होने की चर्चा है.
