उत्तराखंड के गंगोलीहाट में स्थिति प्रसिद्ध पाताल भुवनेश्वर गुफा में मॉनसून के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों के प्रवेश पर 11 अगस्त से 10 अक्तूबर तक अस्थायी रोक रहेगी। बारिश के मौसम में गुफा के भीतर ऑक्सीजन का स्तर घटने और सुरक्षा जोखिम बढ़ने की आशंका को देखते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने यह निर्णय लिया है।
एएसआई के देहरादून मंडल की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 11 अगस्त 2026 से 10 अक्तूबर 2026 तक गुफा में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। विभाग का कहना है कि मॉनसून के दौरान गुफा के भीतर हवा का प्राकृतिक प्रवाह प्रभावित होने से ऑक्सीजन का स्तर कम हो सकता है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ जाता है। किसी भी आपात स्थिति से बचाव के लिए वरिष्ठ संरक्षण सहायक की रिपोर्ट और एएसआई मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के आधार पर यह फैसला लिया गया है।
दो महीने श्रद्धालुओं के लिए गुफा बंद
अब श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए 10 अक्टूबर तक इंतजार करना होगा। मॉनसून समाप्त होने और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद ही गुफा को दोबारा खोला जाएगा। एएसआई और मंदिर समिति ने लोगों से प्रतिबंधित अवधि में यात्रा की योजना नहीं बनाने की अपील की है।
पाताल भुवनेश्वर मंदिर समिति के अध्यक्ष नीलम सिंह भंडारी ने कहा कि मॉनसून के दौरान ऑक्सीजन की कमी की आशंका को देखते हुए एएसआई ने 11 अगस्त से 10 अक्तूबर तक गुफा में प्रवेश पर रोक लगाई है। श्रद्धालु प्रतिबंध अवधि में यात्रा की योजना न बनाएं।
बदरीनाथ के आश्रम से सोना जड़ित मुकुट चोरी, बाबा धरा
ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम, ब्रह्मकपाल में 24 जुलाई को भगवान नारायण का लगभग 5 लाख रुपये का सोने का मणि जड़ित मुकुट और नगदी चुराने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर मुकुट और नगदी बरामद कर ली है। आरोपी बाबा राघवदास उत्तरप्रदेश के श्रावस्ती का रहने वाला है।
एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि 27 जुलाई को थाना बदरीनाथ में ब्रह्मचारी भगवत दास ने तहरीर देकर मुकुट चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने संदेह जताया था कि आश्रम में भजन-कीर्तन के लिए शरण लेने वाले बाबा राघवदास ने मुकुट और नकदी चोरी की है। इसक बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में थी। 29 जुलाई मुखबिर की सूचना पर आरोपी को बद्रीश गंगा वाटिका गेट हनुमानचट्टी रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी राघवराम पाठक उर्फ राघवदास (57) श्रावस्ती के मुनीमपुर, थाना भिनगा का रहने वाला है। उसकी निशानदेही पर भगवान नारायण का चोरी गया सोने का मणि जड़ित मुकुट, चोरी की गए 4,500 रुपये समेत घटना में प्रयुक्त काला बैग बरामद किया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का सोने का मुकुट तथा वहीं ठहरे प्रभुदास के बैग से नकदी चोरी की थी।
