पहली बार टिहरी की धरती पर उतरेंगे पीएम मोदी, इस बड़ी परियोजना का करेंगे लोकार्पण

Sanchar Now
3 Min Read

नई टिहरी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जल्द टिहरी में टीएचडीसी की एक हजार मेगावाट पंप स्टोरेज प्लांट परियोजना का लोकार्पण करेंगे। पीएम के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।

पीएम मोदी इसी माह के अंत या जून के पहले सप्ताह में टिहरी पहुंच सकते हैं। एक हजार मेगावाट क्षमता वाला पंप स्टोरेज प्लांट (पीएसपी) राष्ट्र को समर्पित होने से टीएचडीसी कांप्लेक्स की कुल विद्युत उत्पादन क्षमता 2400 मेगावाट हो जाएगी।

इसके साथ ही टिहरी बांध की यह परियोजना एशिया की सबसे बड़ी पीएसपी जल विद्युत परियोजना बन जाएगी। इस संभावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन, टीएचडीसी और अन्य विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

 जनसभा आयोजित किए जाने की संभावना

पीएम मोदी के टिहरी दौरे के दौरान कोटी कालोनी क्षेत्र में बड़ी जनसभा आयोजित किए जाने की संभावना है। टिहरी बांध पहले से ही देश की प्रमुख जल विद्युत परियोजनाओं में शामिल है। जिसमें टिहरी बांध परियोजना से 1000 मेगावाट, कोटेश्वर बांध परियोजना से 400 मेगावाट विद्युत उत्पादन हो रहा है।

अब 1000 मेगावाट की नई पीएसपी परियोजना जुड़ने से बिजली उत्पादन क्षमता में बड़ा इजाफा होने जा रहा है। इस पीएसपी परियोजना के 250-250 मेगावाट की तीन यूनिटों को पूर्व में सफलता पूर्वक संचालन शुरू किया जा चुका है। बीते 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के दौरान ही पीएम की ओर से इस परियोजना का लोकार्पण किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन तब कार्यक्रम अचानक स्थगित कर दिया गया था।

इस बीच टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने भी प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर संकेत दिए हैं। विधायक किशोर उपाध्याय ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर पीएम को टिहरी आने का निमंत्रण दिया है। मुलाकात के दौरान उन्होंने टिहरी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम, क्षेत्रीय विकास योजनाओं और बांध प्रभावितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

पढ़ें  विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर पीएम मोदी ने बंटवारे के पीड़ितों को नमन किया

विधायक उपाध्याय ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री का दौरा तय होता है तो यह टिहरी के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा। हालांकि फिलहाल टीएचडीसी और जिला प्रशासन स्पष्ट रूप से कुछ भी कहने से पीछे हट रहा है।

क्या है पंप स्टोरेज प्लांट?

पंप स्टोरेज प्लांट एक आधुनिक और अत्याधुनिक तकनीक है, जिसमें अतिरिक्त बिजली का उपयोग करके पानी को ऊंचाई पर स्थित जलाशय में पंप किया जाता है और जरूरत के समय उसी पानी से बिजली उत्पादन किया जाता है। इससे ग्रिड संतुलन बनाए रखने और पीक डिमांड के समय बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।

टिहरी के किसी गांव में रुक सकते हैं पीएम

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी टिहरी के किसी पहाड़ी गांव में रात्रि विश्राम कर सकते हैं। ऐसा बताया जा रहा है। यदि पीएम किसी गांव में रात्रि विश्राम करते हैं, तो उससे वाइब्रेंट विलेज, सीमांत विकास और पहाड़ के गांवों को नई पहचान मिलेगी। जिला प्रशासन उपयुक्त गांव की तलाश कर रहा है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment