अजमेर: 28 फरवरी यानी आज राजस्थान के अजमेर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़ी सभा होने जा रही है। अजमेर के कायड़ में प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। पीएम मोदी की मेगा सभा देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने शहर में व्यापक और कड़े इंतजाम किए हैं। प्रशासन ने शनिवार सुबह 6 बजे से विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है। इससे शहर के भीतर और अजमेर-जयपुर नेशनल हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी।
भारी वाहनों को सीधे प्रवेश नहीं मिलेगा
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, ब्यावर रोड से जयपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को सीधे प्रवेश नहीं मिलेगा। ऐसे वाहनों को मांगलियावास तिराहे से नसीराबाद रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसी प्रकार मकराना, रूपनगढ़ और थांवला तिराहे से जयपुर जाने वाले ट्रक और ट्रेलरों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। किशनगढ़-गेगल-कायड़-ब्यावर मार्ग पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक यातायात का अधिक दबाव रहने की संभावना है, इसलिए इस अवधि में कायड़ और गेगल टोल प्लाजा मार्ग से बचने की सलाह दी गई है।
इस रूट्स पर रहेगा डायवर्जन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा कायड़ विश्राम स्थली में आयोजित होगी, जिसके चलते आसपास के क्षेत्रों में विशेष प्रतिबंध लगाए गए हैं। लाडपुरा तिराहा और घूघरा गांव के पास चारपहिया वाहनों के लिए डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं। नागौर रोड से आने वाले सामान्य वाहनों को क्रिकेट स्टेडियम पार्किंग से आगे कायड़ की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं, अन्यथा उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
अजमेर-जयपुर हाईवे पर भी यातायात दबाव बढ़ने की आशंका है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किशनगढ़-अजमेर बाईपास सहित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन सुचारू बना रहे।
ये बड़ी सौगात देंगे प्रदेश को
सीएम भजनलाल शर्मा पीएम मोदी की मेगा सभा के बारे में पहले ही जानकारी दे चुके हैं। सीएम भजनलाल के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को राजस्थान को करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे। साथ ही वह युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे। अजमेर में शिलान्यास और लोकार्पण के साथ-साथ ‘रोजगार उत्सव’ में 21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके सपनों को नई उड़ान दी जाएगी।
