प.बंगाल के स्थापना दिवस पर पीएम मोदी का दो दिवसीय दौरा, पीएम किसान योजना की किस्त भी करेंगे जारी

Sanchar Now
4 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून से पश्चिम बंगाल के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह कई विकास योजनाओं की शुरुआत करेंगे और अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सहित पार्टी के तमाम बड़े नेता इन कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद प्रधानमंत्री मोदी पहली बार पश्चिम बंगाल आ रहे हैं। चुनावों में बीजेपी की निर्णायक जीत ने बंगाल के राजनीतिक परिदृश्य को बदल दिया है।

ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस कई चुनौतियों से जूझ रही है, जिनमें पार्टी के कई नेताओं की गिरफ्तारी, बड़े नेताओं के इस्तीफे और पार्टी के भीतर बढ़ता असंतोष शामिल हैं।

पश्चिम बंगाल के बदलते राजनीतिक माहौल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा विकास और राजनीतिक संदेश, दोनों ही नजरियों से अहम है।

प्रधानमंत्री मोदी ने X पर पोस्ट कर कहा, ”मैं 20 और 21 जून को अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए पश्चिम बंगाल में रहूंगा। 20 जून का दिन ‘पश्चिम बंगाल दिवस’ मनाए जाने के कारण विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। यह कार्यक्रम हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित किया जाएगा।”

जारी करेंगे पीएम-किसान योजना की अगली किस्त

मोदी ने कहा कि वह तारकेश्वर से कई विकास योजनाओं की शुरुआत करेंगे और पीएम-किसान योजना के तहत अगली किस्त जारी करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस मौके पर कृषि से जुड़ी कई प्रमुख पहल भी शुरू की जाएंगी, जिससे बंगाल के किसानों को फायदा होगा।

मोदी पीएम-किसान योजना की 23वीं किस्त भी जारी करेंगे। यह किस्त 18,880 करोड़ रुपये की होगी। यह राशि देश भर के 9.44 करोड़ से ज्यादा किसानों को मिलेगी।

पढ़ें  जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में मुठभेड़ में 5 आतंकी ढेर, तलाशी अभियान जारी

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि अकेले पश्चिम बंगाल में 45 लाख से ज़्यादा लाभार्थियों के खाते में 900 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा की जाएगी, जिससे राज्य में इस योजना के तहत कुल बांटी गई राशि 15,000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो जाएगी।

योग दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे मोदी

प्रधानमंत्री हावड़ा जिले में संकराइल-संतरागाछी लिंक लाइन परियोजना समेत लगभग 590 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनीं 49 सड़क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। मोदी 21 जून को कोलकाता में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राष्ट्रीय समारोह का नेतृत्व करेंगे।

पश्चिम बंगाल पहली बार देश के मुख्य योग दिवस कार्यक्रम की मेजबानी करेगा। यह कार्यक्रम कोलकाता के मशहूर रेड रोड पर आयोजित किया जाएगा और इसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर प्रधानमंत्री स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित तीन नौसैनिक जहाजों को शामिल करेंगे।

इस बीच, प्रदेश बीजेपी के एक नेता ने कहा कि विकास, खेती, राष्ट्रीय सुरक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिये बीजेपी नीत केंद्र सरकार राज्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताना चाहती है और साथ ही किसानों, युवाओं और मध्यम वर्ग जैसे अहम वर्गों के साथ अपना जुड़ाव भी मजबूत करना चाहती है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment