नोएडा: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार देर रात 25 हजार रुपये के इनामी गौ तस्कर को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई पुलिस की ओर से चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान की गई. आरोपी के खिलाफ यूपी और हरियाणा के विभिन्न थानों में गौवध और पशु क्रूरता के कई मामले दर्ज हैं. घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस रबूपुरा कार्गो टी प्वाइंट पर चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को देखकर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया. लेकिन आरोपी ने रुकने की बजाय मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की. पुलिस के पीछा करने पर आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया. घायल आरोपी की पहचान संजू उर्फ लुक्का (32) पुत्र रुक्का, निवासी शेखपुर, थाना चांदहट, जिला पलवल (हरियाणा) के रूप में हुई है.
डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार गौ तस्कर संजू पलवल, हरियाणा का निवासी है. जांच में सामने आया है कि संजू एक शातिर अपराधी है, जिस पर नोएडा के रबूपुरा और हरियाणा के फरीदाबाद समेत कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं. वह रबूपुरा में दर्ज तीन अलग-अलग मुकदमों में वांछित चल रहा था. उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस, बिना नंबर की प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है.
पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि संजू के गैंग में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और चोरी की गई मोटरसाइकिल उसने कहां से उड़ाई थी. 25 हजार के इनामी बदमाश की गिरफ्तारी को रबूपुरा पुलिस की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है.
