दिग्गज एक्टर प्रकाश राज ने कर्नाटक चुनाव आयोग पर फिर से हमला बोला है। दो दिन पहले मंगलवार को उन्होंने बेंगलुरु में मतदाता सूची से अपना नाम हटाए जाने को लेकर आयोग पर संगीन आरोप लगाए थे, जिसके बाद ECI ने सफाई दी और फिर लगे हाथ यह कहा गया कि गलती प्रकाश राज की ही थी। लेकिन अब 61 साल के एक्टर ने गुरुवार को एक नया वीडियो पोस्ट कर दावा किया है कि चुनाव आयोग के अधिकारियों ने शिकायत करने के बाद उनसे संपर्क किया था, अपनी गलती सुधारी थी और उनके पास इसके कॉल रेकॉर्ड्स हैं।
पांच बार नेशनल फिल्म अवॉर्ड जीत चुके प्रकाश राज ने बीते दिनों जब वोटर लिस्ट से उनका नाम ‘डिलीट’ किए जाने का दावा किया था, तब बेंगलुरु सिटी सेंट्रल कॉरपोरेशन ने उनके इस दावे का खंडन किया। आयुक्त जगदीश जी ने अपने बयान में कहा कि प्रकाश राज की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की गई और वे सही नहीं पाए गए, क्योंकि बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) ने प्रकाश राज के नए आवास का दौरा किया था और जून 2026 में उनका नाम वहां की मतदाता सूची में सही तरीके से शामिल कर दिया था और पुराने पते की मतदाता सूची से उनका नाम हटा दिया था।
प्रकाश राज ने कहा- गलती मेरी नहीं, आपकी थी
अब प्रकाश राज ने दो मिनट लंबे वीडियो में आरोप लगाया कि आयोग ने पहले उनके वोटर ID को ‘परमानेंटली शिफ्टेड’ यानी डिलीट मार्क कर दिया था, लेकिन जब लोगों का ध्यान इस ओर गया, तो आयोग ने उनसे संपर्क किया और तुरंत इसे बदल दिया। उन्होंने चुनाव आयोग की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, इलाके में BLO को भेजा और BJP के सोशल मीडिया हैंडल्स को इस मुद्दे को उनकी गलती के तौर पर दिखाने दिया। एक्टर ने चुनावी प्रक्रिया के दौरान नागरिकों की गरिमा का अपमान बताया है।
क्या यह सच नहीं है कि आपने अपनी वेबसाइट पर डाला था कि मेरा वोटर ID ‘परमानेंटली शिफ्टेड’ है, यानी डिलीट हो गया है और मुझे नया वोटर ID पाने के लिए फॉर्म 6 भरना होगा और अप्लाई करना होगा? और जब मैंने यह मुद्दा उठाया तो कुछ ही घंटों में आपके अधिकारियों ने मुझे फोन करके कहा कि गलती हो गई है और वे इसे ठीक कर देंगे?
प्रकाश राज, एक्टर
‘क्या यह सच नहीं है कि आपके अधिकारियों ने फोन किया था?’
प्रकाश राज वीडियो में कहते हैं, ‘फ्रेंड्स… कर्नाटक चुनाव आयोग से कुछ सवाल हैं। क्या यह सच नहीं है कि आपने अपनी वेबसाइट पर डाला था कि मेरा वोटर ID ‘परमानेंटली शिफ्टेड’ है, यानी डिलीट हो गया है और मुझे नया वोटर ID पाने के लिए फॉर्म 6 भरना होगा और अप्लाई करना होगा? और जब मैंने यह मुद्दा उठाया और यह लाखों लोगों तक पहुंचा, तो कुछ ही घंटों में आपके अधिकारियों ने मुझे फोन करके कहा कि गलती हो गई है और वे इसे ठीक कर देंगे? आपने मुझसे सोशल मीडिया पर यह बताने का अनुरोध भी किया कि आप इसे ठीक कर रहे हैं। मेरे पास सभी कॉल रिकॉर्ड्स हैं।’
आप अपने BLO को कैमरे के साथ मेरे पुराने पते पर भेजते हैं, पड़ोसियों को बुलाते हैं और ऐसा नाटक और ड्रामा करते हैं जैसे कि मामला हाथ से निकल जाने के बाद आपने ‘मजाक’ किया हो।
प्रकाश राज, एक्टर
‘झूठ बोला और BLO को कैमरे के साथ पुराने पते पर भेजा’
एक्टर और समाजसेवी ने आगे कहा, ‘उसी दिन शाम तक, आप प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाते हैं, अपनी वेबसाइट पर ‘परमानेंटली शिफ्टेड’ को बदलकर सिर्फ ‘शिफ्टेड’ कर देते हैं और प्रेस को बताते हैं कि असल में शिफ्टिंग हुई थी। हमने वेरिफिकेशन किया था और डिलीट करने की बात झूठ है। आप झूठ बोल रहे हैं। आपने झूठ बोला है और 8:30 बजे तक, आप अपने BLO को कैमरे के साथ मेरे पुराने पते पर भेजते हैं, पड़ोसियों को बुलाते हैं और ऐसा नाटक और ड्रामा करते हैं जैसे कि मामला हाथ से निकल जाने के बाद आपने ‘मजाक’ किया हो। और फिर इसे अपने ‘गोदी मीडिया’ और BJP हैंडल्स को भेजते हैं और वे उछल-कूद मचाते हैं कि प्रकाश राज गलत हैं।’
मैं एक सेलिब्रिटी हूं। क्या आप किसी आम आदमी को इस तरह बुलाएंगे? मैं अपने काम की वजह से सेलिब्रिटी हूं। यह लड़ाई नागरिक होने की गरिमा की है, कतारों में खड़े होने की, हमसे कतारों में खड़े होने के लिए कहे जाने की।
प्रकाश राज, एक्टर
प्रकाश राज बोले- यह लड़ाई नागरिक होने की गरिमा की
प्रकाश राज आगे दो टूक शब्दों में कहते हैं, ‘हेलो, मैं एक सेलिब्रिटी हूं। क्या आप किसी आम आदमी को इस तरह बुलाएंगे? मैं अपने काम की वजह से सेलिब्रिटी हूं। लेकिन एक नागरिक के तौर पर, मैं हर नागरिक के बराबर हूं। यह लड़ाई नागरिक होने की गरिमा की है, कतारों में खड़े होने की, हमसे कतारों में खड़े होने के लिए कहे जाने की। वीडियो, और स्पष्टीकरण और एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस आने वाली है। गेम ऑन।’
आप हर पांच साल में वोट मांगने आते हैं, क्योंकि आप जानते हैं कि नागरिकों को वोट देने का अधिकार है। अब, आप चाहते हैं कि वही नागरिक लाइन में खड़े हों और अपना वोट वापस पाने के लिए गिड़गिड़ाएं?
प्रकाश राज, एक्टर
‘हम नागरिक वोट के लिए लाइन में खड़े होकर गिड़गिड़ाएं’
वीडियो के आखिर में प्रकाश राज ने कहा, ‘मेरे दोस्त, आप हर पांच साल में वोट मांगनेआते हैं, क्योंकि आप जानते हैं कि नागरिकों को वोट देने का अधिकार है। अब, आप चाहते हैं कि वही नागरिक लाइन में खड़े हों और अपना वोट वापस पाने के लिए गिड़गिड़ाएं?’ क्या बात है? क्या राजनीति है? क्या एजेंडा है? बस पूछ रहा हूं।’
