झांसी: जनपद से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. 14 दिन पहले शादी कर ससुराल गई दुल्हन प्रियंका मिश्रा की सोमवार को अचानक मौत हो गई. इसके बाद मायके पक्ष ने लड़का पक्ष के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतक के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है.
ससुराल वालों के अनुसार, 11 मई की दोपहर में प्रियंका छत की बालकनी पर बैठी थी. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह छत से निचे गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई. 30 वर्षीय प्रियंका गोरखपुर की रहने वाली थी. 28 अप्रैल को उसकी शादी झांसी के सीपरी बाजार के रहने वाले शुभम से हुई थी. प्रियंका पढ़ाई में काफी तेज थी. डबल एमए करने के बाद वह बीएड कर रही थी.
लड़की के मामा शम्भुनाथ तिवारी ने बताया कि डेढ़ साल पहले दोनों की मुलाकात शादी डॉट कॉम पर हुई थी. दोनों परिवारों की आपसी सहमति से शादी हुई, लेकिन हमें शक है कि बेटी की हत्या कर दी गई है. दोमंजिल के मकान से गिरकर किसी की मौत नहीं होती. उन्होंने आरोप लगाया कि हमें अंधेरे में रखकर शादी की गई. बताया गया था कि लड़का बीएमएस की पढ़ाई कर रहा है और एक्यूपंक्चर का भी काम करता है. लेकिन, अब पता चला कि वह ऐसा कुछ नहीं करता है. कोई पढ़ाई नहीं करता.
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि 11 मई को सीपरी बाजार पुलिस को सूचना मिली थी के एक महिला छत से गिर गई है. उसके पति और ससुर द्वारा उसे इलाज के लिए मेडीकल कॉलेज ले जाया गया है, जहां के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है.
सुचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फॉरेसिंक टीम भी जांच कर रही है. लड़की के परिजनों की तहरीर के आधार पर पति, सास तथा ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करके आगे की कार्रवाई की जा रही है.
